ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने बुधवार को कहा कि इस समय सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई से बातचीत करना "बहुत मुश्किल" है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि देश के नेतृत्व के लिए उनकी मौजूदगी हमारे लिए ताकत का एक बड़ा स्रोत बनी हुई है, जिससे हम इस हमपर हो रहे हमले का जवाब दे पा रहे हैं।। पेज़ेश्कियान ने ईरान के सरकारी मीडिया, IRIB को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि भले ही ईरान के सुप्रीम लीडर से सीधे बातचीत करना मुश्किल है, लेकिन ईरान के तनावपूर्ण दौर से गुज़रने के दौरान मुज्तबा खामेनेई की भूमिका लगातार समर्थन देती रही है।
कैसे हुई पेजेश्कियान की मुलाकात
ईरान इंटरनेशनल ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान जब सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई से मिलने गए तो उन्होंने कार की पिछली सीट पर उनसे मुलाकात की। उन्हें मुलाकात के लिए राजधानी तेहरान में एक गुप्त जगह पर ले जाया गया था, जहां उन्हें एक अंधेरी और टिंटेड-विंडो वाली कार में बैठाया गया, जिसमें पिछली सीट पर बैठे उस व्यक्ति के साथ कुछ ही मिनट बिताने दिए गए, जिसे सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को बताया गया था। पेज़ेश्कियान ने कहा कि उनकी मुलाकात सार्थक रही, बातचीत के दौरान खामेनेई ने दयालुता दिखाई और बहुत ठोस तर्क दिए।
पेज़ेश्कियान ने और क्या कहा
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा, कुछ समूह मोजतबा खामेनेई की नकारात्मक छवि पेश करके फूट डालने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने हाल ही में हुई निर्णय लेने की एक प्रक्रिया का ज़िक्र किया, जिसमें खामेनेई ने परिषद की समीक्षा के नतीजे को स्वीकार कर लिया था, जब प्रस्ताव को 13 में से 12 वोट मिले थे। पेज़ेश्कियान ने कहा, "उन्होंने जो कहा, वह पूरी तरह सही था।" उन्होंने आगे कहा कि विशेषज्ञ की राय को स्वीकार करने का इस्तेमाल बाद में कुछ लोगों ने विवाद पैदा करने और अनुचित दावे करने के लिए किया।
पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं दिखे मुज्तबा
बता दें कि मुज्तबा खामेनेई ने ईरान के सर्वोच्च नेता का पद तब संभाला, जब उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के हमले में मारे गए थे; इस हमले के बाद ही पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुआ था। सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई घायल हैं और वे सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। उन्होंने लिखित बयान तो जारी किए हैं, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी गैर-मौजूदगी ने उनकी सेहत और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनके रिश्तों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि वे पिछले महीने अपने पिता के अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं हुए थे।
ये भी पढ़ें:
'जिंदा तो हैं, लेकिन घायल हैं मुज्तबा खामेनेई', ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा
Latest World News