1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. चेक गणराज्य के शॉपिंग सेंटर में 2 महिलाओं की चाकू मारकर हत्या, संदिग्ध किशोर हिरासत में

चेक गणराज्य के शॉपिंग सेंटर में 2 महिलाओं की चाकू मारकर हत्या, संदिग्ध किशोर हिरासत में

चेक गणराज्य के एक शॉपिंग माल में 2 महिलाओं पर अचानक चाकू से हमला हो गया। इसमें दोनों की मौत हो गई। इस घटना में 16 साल के एक संदिग्ध किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

चेक रिपब्लिक के इसी मॉल में हुई 2 महिलाओं की हत्या। - India TV Hindi
Image Source : AP चेक रिपब्लिक के इसी मॉल में हुई 2 महिलाओं की हत्या।

प्राग: चेक गणराज्य के एक शॉपिंग सेंटर में बृहस्पतिवार को चाकू से किये गये हमले में दो महिलाओं की मौत हो गयी। इससे पूरे शॉपिंग सेंटर में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि प्राग के पूरब में करीब 100 किलोमीटर दूर हृाडेक क्रालोव शहर के एक स्टोर में अचानक 2 महिलाओं पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू से किये गये हमले के सिलसिले में उसने एक किशोर संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

हालांकि पहले पुलिस ने कहा गया था कि दोनों महिलाएं घायल हो गयी थीं और उनमें से एक की स्थिति गंभीर है। बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों महिलाओं की मौत हो गयी। उनकी पहचान नहीं हो पायी है। इस घटना के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर पुलिस ने 16 वर्षीय एक किशोर को हिरासत में लिया। समीप ही एक चाकू मिला।

प्रधानमंत्री ने व्यक्त किया शोक

चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेट्र फियाला ने इस हमले में जान गंवाने वाली महिलाओं के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज हृाडेक क्रालोव में जो कुछ हुआ है, वह बिल्कुल समझ से परे और भयानक कृत्य है।’’ वैसे इस हमले का मकसद तत्काल पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को कोई खतरा नहीं है। इस संबंध अन्य कोई विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए किशोर से पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अगर किशोर ने ही उनकी हत्या की तो इसका क्या कारण था। (एपी)

Latest World News