लंदन: बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर' का धमाल देखने को मिल रहा है। इस फिल्म की चर्चा जोरों पर है। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी इस फिल्म के बारे में चर्चा की है। दोनों नेता मॉर्निंग वॉक के दौरान इस फिल्म पर चर्चा करते हुए नजर आए हैं। फिनलैंड के राष्ट्रपति ने अपने एक्स हैंडल पर इस वीडियो को शेयर किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें VIDEO
वीडियो क्लिप में फिनलैंड के राष्ट्रपति स्टब और कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी लंदन यात्रा के दौरान अपनी पत्नियों के साथ पार्क में जॉगिंग करते दिख रहे हैं। इस दौरान मार्क कार्नी ने स्टब से भारत में इंस्टाग्राम पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता के बारे में पूछा। इस पर फिनलैंड के राष्ट्रपति ने कहा कि 'धुरंधर' देखने के बारे में उनकी टिप्पणियों के बाद उन्हें यह लोकप्रियता मिली। फिल्म की कहानी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसे देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि इसमें दिखाया गया विषय बिल्कुल भी कोई खेल नहीं है, उनका इशारा आतंकवाद और खुफिया अभियानों की ओर था।
लोगों ने दी प्रतिक्रया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोगों ने भी प्रतिक्रिया दी है। एक एक्स यूजर ने कहा, "दो समृद्ध लोकतंत्रों के नेताओं को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के बारे में बात करते देखना बहुत अच्छा लगा।" एक दूसरे सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, "क्या आप लोग 'धुरंधर' के बारे में बात कर रहे हैं? तो मुझे भी इस चर्चा में शामिल कर लो।" एक अन्य भारतीय सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी की, "बधाई हो @AdityaDharFilms @yamigautam @jiostudios. कनाडा के प्रधानमंत्री 'धुरंधर' पर चर्चा कर रहे हैं।"
मुंबई यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने की थी फिल्म पर बात
इससे पहले, मुंबई यात्रा के दौरान फिनलैंड के राष्ट्रपति ने सार्वजनिक रूप से इस फिल्म के बारे में बात की थी। ANI से बात करते हुए उन्होंने बताया था कि भारत आने से पहले उन्होंने अपने बेटे की सलाह पर 'धुरंधर' फिल्म देखी थी। फिनलैंड के राष्ट्रपति ने कहा था कि उन्हें फिल्म की कहानी बहुत दिलचस्प लगी और उन्होंने मजाक में यह भी कहा था कि वो इस कहानी का एक हिस्सा हैं और इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रणवीर सिंह ने निभाई है अहम भूमिका
इस फिल्म में रणवीर सिंह ने एक अंडरकवर एजेंट 'जसकीरत सिंह रंगी' की भूमिका निभाई है, और यह जासूसी ड्रामा के साथ-साथ आतंकवाद-रोधी अभियानों पर आधारित कहानी का एक बेहतरीन मेल है। इसका अगला भाग, 'धुरंधर: द रिवेंज', 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, और 18 मार्च को इसके खास प्रीव्यू शो दिखाए जाएंगे। इस सीक्वल में सिंह एक बार फिर अपने पुराने किरदार में नजर आएंगे, लेकिन इस बार वो 'हम्जा अली मजारी' के नकली नाम से जुर्म की दुनिया में पूरी तरह से घुल-मिल गए हैं। कहानी कराची के लयारी इलाके में गैंगस्टर रहमान डकैत की मौत के बाद उनके बढ़ते दबदबे को दिखाती है; रहमान डकैत का किरदार पहली फिल्म में अक्षय खन्ना ने निभाया था।
यह भी पढ़ें:
ईरान में बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के परिसर में हुआ हमला, जानें इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी ने क्या कहा
लारीजानी और सुलेमानी की मौत के बाद भड़का ईरान, इजरायल और खाड़ी देशों पर कर दी मिसाइलों की बौछार
Latest World News