Fire In Budapest: हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के पास एक उपनगर बुडाकेजी में शुक्रवार को भयानक हादसा हुआ। यहां मजदूरों के रहने वाली एक इमारत में भीषण आग लग गई। इस आग में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और 22 लोग झुलस गए। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह-सुबह हुई। इमारत 2 मंजिला थी और मजदूरों को अस्थायी रूप से ठहराने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी।
आग पर पाया गया काबू
बुडापेस्ट से करीब 8 किलोमीटर पश्चिम में स्थित इस जगह पर आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हंगरी की नेशनल डायरेक्टरेट जनरल फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट ने बताया कि आग बुझाने के दौरान फायर फाइटर्स ने इमारत से कई जिंदा लोगों को बाहर निकाला। साथ ही 3 गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर लाए गए। इमारत की छत गिर गई थी, जिसके नीचे 2 पुरुषों और एक महिला के शव मिले। ये तीनों मौतें छत गिरने के कारण से हुईं।
घायलों में 4 की हालत गंभीर
मौके पर 40 से ज्यादा पैरामेडिक्स और 18 इमरजेंसी वाहन भेजे गए। घायलों में से 4 लोगों की हालत बहुत गंभीर थी। सभी घायलों को इलाज के लिए बुडापेस्ट के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुल 22 लोगों को चिकित्सा सहायता दी गई है। पेस्ट काउंटी पुलिस के एक प्रवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आग शायद एक कमरे में हुए धमाके की वजह से लगी थी।
Image Source : apFire In Budapest
पुलिस ने शुरू की जांच
जांच में पता चला कि इमारत में कई तरह की गड़बड़ियां थीं। इनमें नियमों के खिलाफ गैस का इस्तेमाल भी शामिल था। ऐसा लगता है कि गैस सिलेंडर या गैस लीक से धमाका हुआ, जिससे आग फैल गई। पुलिस ने इस मामले में आपराधिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही या नियम तोड़ने की वजह से हादसा हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मजदूरों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
हंगरी में हुआ यह हादसा मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक सवाल खड़े करता है। कई जगहों पर मजदूरों को सस्ते और असुरक्षित ठिकानों में रखा जाता है, जहां आग लगने या अन्य हादसों का खतरा ज्यादा रहता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी इमारतों में रहते समय सुरक्षा नियमों का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गैस लीक या बिजली की समस्या की सूचना तुरंत दें।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान के कराची में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, आपस में टकराए कई वाहन, 13 की मौत; घायल हुए 9 लोग
सऊदी अरब और कतर ने किया बड़ा समझौता, अब 300 की रफ्तार से रेगिस्तान का सीना चीरते हुए दौड़ेगी हाई स्पीड ट्रेन
Latest World News