1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. सेनेगल सरकार के आगे झुका फ्रांस, 2 सैन्य अड्डों का नियंत्रण उसके हाथों सौंपा

सेनेगल सरकार के आगे झुका फ्रांस, 2 सैन्य अड्डों का नियंत्रण उसके हाथों सौंपा

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सेनेगल सरकार के सामने अपने हथियार रख दिए हैं। फ्रांस ने 2 सैन्य अड्डों के नियंत्रण अब सेनेगल के हाथों सौंप दिया है। यह फ्रांसीसी सेना की वापसी की दिशा में पहला कदम है।

इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
Image Source : AP इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस के राष्ट्रपति।

डकार (सेनेगल): फ्रांस ने आखिरकार सेनेगल सरकार के आगे अपने घुटने टेक दिए हैं। सेनेगल में नई सरकार के गठन के बाद से ही फ्रांस के सैनिकों की मौजूदगी को लेकर विद्रोह ने तेजी पकड़ ली थी। इसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को अपने कदम पीछे खींचने पड़े हैं। अब फ्रांस ने शुक्रवार को दो सैन्य अड्डों का नियंत्रण सेनेगल सरकार को सौंप दिया है। अपने इसी फैसले के साथ उसने इस पश्चिम अफ्रीकी देश से अपनी सैन्य मौजूदगी को औपचारिक रूप से समाप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

बता दें कि सैन्य अड्डों का नियंत्रण सेनेगल को सौंपने का कदम तब उठाया गया जब सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दिओमाये फेय ने घोषणा की कि उनके देश में मौजूद सभी विदेशी सैनिक वापस जाएंगे। सेनेगल में फ्रांसीसी दूतावास ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘‘फ्रांसीसी पक्ष ने शुक्रवार सात मार्च 2025 को मार्चल और सेंट-एक्सुपेरी जिलों में सैन्य अड्डे और आवास सेनेगल पक्ष को सौंप दिए।’’

फ्रांस ने सेनेगल के 162 कर्मियों को कर दिया था बर्खास्त

फ्रांस और सेनेगल के बीच उस वक्त विवाद और बढ़ गया, जब फ्रांसीसी सेना ने उसके कई कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था। फ्रांस ने वापसी की प्रक्रिया के लिए पिछले महीने सेनेगल के साथ एक संयुक्त आयोग का गठन किया था। इसके बाद फ्रांसीसी सेना ने हाल ही में घोषणा की थी कि उसने डकार स्थित सैन्य ठिकानों पर काम करने वाले 162 सेनेगलवासियों को बर्खास्त कर दिया है। सेनेगल की नयी सरकार ने फ्रांसीसी सैनिकों की उपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाया है।  (एपी) 

 

Latest World News