G7 Summit: फ्रांस के एवियन शहर पहुंचे PM मोदी, ट्रंप-मैक्रों समेत कई नेताओं से की मुलाकात
G7 Summit: G7 समिट के दौरान, पीएम मोदी कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इनमें UK के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक होनी है।

G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन शहर पहुंचे। वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के न्योते पर वहां गए हैं। भारत 13वीं बार एक पार्टनर देश के तौर पर इस समिट में शामिल हो रहा है, जबकि G7 नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार हिस्सा ले रहे हैं।
समिट के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी G7 देशों के नेताओं, सहयोगी देशों और वर्ल्ड बैंक व अफ्रीकन डेवलपमेंट बैंक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ "नई साझेदारियां बनाना और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को फिर से कायम करना" विषय पर एक वर्किंग सेशन में हिस्सा लेंगे। उम्मीद है कि बातचीत ग्लोबल आर्थिक चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर केंद्रित होगी।
समिट के दौरान, पीएम मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। उनके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मिलने की उम्मीद है। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि दोनों नेता 17 जून को द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर हुई प्रगति पर मुख्य रूप से चर्चा होने की उम्मीद है।
Live updates : G7 Summit LIVE:
-
June 16, 2026 10:01 PM (IST) Posted by Malaika Imam
पीएम मोदी और मार्क कार्नी की द्विपक्षीय बैठक
जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के पीएम मार्क कार्नी के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा, "शुरुआत से ही आपने इस रिश्ते और हम साथ मिलकर क्या कर सकते हैं, इसके लिए एक ऊंचा स्तर तय किया है। हम बहुत अच्छी प्रगति कर रहे हैं। साफ तौर पर कहें तो, महामहिम को डेडलाइन (समय-सीमा) पसंद है (भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते यानी CEPA के लिए सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं) और हमें भी यह पसंद है। हमारी डेडलाइन इसे G20 तक पूरा करने की है। साथ मिलकर करने के लिए अभी बहुत कुछ है, और हमारा एक ही उद्देश्य है - इस दशक के अंत तक हमारे व्यापार को दोगुना करना।"
-
June 16, 2026 8:28 PM (IST) Posted by Malaika Imam
यूक्रेन में शांति के लिए कोशिश करेंगे: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस को यूक्रेन के साथ शांति समझौता करना चाहिए और वे युद्ध को समाप्त करने के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे। ट्रंप का कहना है कि G7 में ज़ेलेंस्की से मुलाक़ात के बाद वे यूक्रेन में शांति के लिए कोशिश करेंगे।
-
June 16, 2026 7:30 PM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा। मैं कहूंगा कि यह मेरी 99.9 प्रतिशत इच्छा पूरी होने जैसा है, क्योंकि हम ऐसा होने नहीं दे सकते थे। अब, इसके अलावा स्ट्रेट बिना किसी टोल के खुला रहेगा। और यह 60 दिनों के बाद भी बिना टोल के खुला रहेगा। मैं अपनी नौसेना को बधाई देना चाहता हूं क्योंकि नौसैनिक नाकेबंदी अविश्वसनीय थी। मैं न केवल इसे जारी करूंगा, बल्कि शायद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करूंगा और इसे आपको शब्द-दर-शब्द पढ़कर सुनाऊंगा ताकि प्रेस इसे सही ढंग से कवर कर सके क्योंकि यह एक बहुत महत्वपूर्ण दस्तावेज़ है।"
-
June 16, 2026 7:15 PM (IST) Posted by Amar Deep
G7 समिट में 13वीं बार हिस्सा ले रहा भारत
भारत एक पार्टनर देश के तौर पर 13वीं बार G7 समिट में हिस्सा ले रहा है और यह समिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस बैठक में लगातार सातवीं मौजूदगी होगी। यह लगातार 8वां G7 समिट है जिसमें भारत को आमंत्रित किया गया है।
-
June 16, 2026 6:52 PM (IST) Posted by Amar Deep
मैक्रों ने किया पीएम मोदी का स्वागत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांस के एवियन में G7 समिट 2026 के आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।
-
June 16, 2026 6:51 PM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम मोदी और ट्रंप की हुई मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के एवियन में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की। दोनों नेताओं को बातचीत करते हुए देखा गया।
-
June 16, 2026 6:50 PM (IST) Posted by Amar Deep
G7 समिट में ग्रुप फोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और G7 देशों के अन्य नेता फ्रांस के एवियन में G7 समिट में ग्रुप फोटो के लिए एक साथ खड़े हुए।
-
June 16, 2026 6:41 PM (IST) Posted by Amar Deep
UAE के राष्ट्रपति ने ट्रंप को कहा 'शुक्रिया'
ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान, UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि आपके यहां आने से हम बहुत आभारी हैं और आपके सहयोग और अपने सहयोगियों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता के लिए आपका धन्यवाद करते हैं। और खासकर छह हफ़्ते की लड़ाई के दौरान आपके सहयोग के लिए आपका शुक्रिया। यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है। आपके सहयोग और प्रतिबद्धता के बिना, न केवल मेरा देश बल्कि पूरा मध्य पूर्व आज बहुत अलग स्थिति में होता।"
-
June 16, 2026 6:18 PM (IST) Posted by Amar Deep
ट्रंप ने UAE के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक की
ट्रंप और UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच द्विपक्षीय बैठक चल रही है। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से मुलाकात के बाद, आज ट्रंप की यह दूसरी बैठक है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान इस हफ़्ते के आखिर में औपचारिक रूप से युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करेंगे।
-
June 16, 2026 6:01 PM (IST) Posted by Amar Deep
G7 पैट्रियट मिसाइल का प्रोडक्शन बढ़ाने में मदद करेगा: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने कहा कि G7 नेताओं के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक रही। नेताओं ने यूक्रेन की और पैट्रियट मिसाइलों की जरूरत का समर्थन किया और इस बात पर चर्चा की कि लाइसेंस के जरिए इनका प्रोडक्शन कैसे बढ़ाया जाए। ट्रंप समेत सभी G7 नेताओं से मिलने के बाद कार्नी के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक में जेलेंस्की ने कहा कि उनके सहयोगी इस बात पर सहमत हैं कि रूस जीत नहीं रहा है और उन्हें पुतिन पर युद्ध खत्म करने के लिए दबाव डालना होगा।
-
June 16, 2026 5:46 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
बुधवार को हो सकती है मोदी-ट्रंप की अहम मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कल एक अहम मुलाकात होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं की बैठक भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे हो सकती है। हालांकि, फिलहाल यह कार्यक्रम अस्थायी तौर पर तय माना जा रहा है और अंतिम पुष्टि अभी बाकी है। सूत्रों का कहना है कि यदि यह बैठक होती है तो दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, वैश्विक मुद्दों और विभिन्न रणनीतिक विषयों पर चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की संभावित मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। (रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी)
-
June 16, 2026 5:14 PM (IST) Posted by Amar Deep
G7 से पहले मैक्रों और जेलेंस्की की मुलाकात
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जेलेंस्की ने G7 के दूसरे नेताओं से मिलने से पहले होटल रॉयल के पेड़ों वाले बगीचे में थोड़ी देर टहलते हुए द्विपक्षीय बातचीत की। मैक्रों ने कहा कि वह ट्रम्प से यूक्रेन के लिए अमेरिकी समर्थन बनाए रखने और शांति समझौते को सुरक्षित करने में मदद के लिए रूस पर दबाव बढ़ाने का आग्रह करेंगे। मैक्रों ने सोमवार को कहा, "सही बातचीत वह है जिसमें यूक्रेन और रूस बातचीत की मेज पर हों, और यूरोपीय तथा अमेरिकी भी मौजूद हों।"
-
June 16, 2026 5:02 PM (IST) Posted by Amar Deep
जेलेंस्की और ट्रंप के बीच हुई मुलाकात
फ्रांस में G7 समिट के दौरान जेलेंस्की और ट्रंप के बीच बातचीत हुई। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि "आपसी रुख़ में तालमेल बिठाना हमेशा ज़रूरी होता है।"
-
June 16, 2026 4:52 PM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम मोदी G7 समिट के सेशन में लेंगे हिस्सा
समिट के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी G7 देशों के नेताओं, सहयोगी देशों और वर्ल्ड बैंक व अफ्रीकन डेवलपमेंट बैंक जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ "नई साझेदारियां बनाना और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को फिर से कायम करना" (Forging New Partnerships and Rebuilding International Solidarity) विषय पर आयोजित एक वर्किंग सेशन में हिस्सा लेंगे। उम्मीद है कि बातचीत ग्लोबल आर्थिक चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सस्टेनेबल डेवलपमेंट (सतत विकास) पर केंद्रित होगी।
-
June 16, 2026 4:34 PM (IST) Posted by Amar Deep
एवियन पुहंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन पहुंचे। एवियन पहुंचने के बाद PM मोदी ने कहा कि वह दुनिया के नेताओं से बातचीत करने और अहम वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए उत्सुक हैं। X पर एक पोस्ट में PM मोदी ने कहा, "G7 समिट के लिए फ्रांस के एवियन पहुंच गया हूं। दुनिया के नेताओं से बातचीत करने और अहम वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए उत्सुक हूं। भारत एक ज़्यादा टिकाऊ और समृद्ध दुनिया के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।"
-
June 16, 2026 4:23 PM (IST) Posted by Amar Deep
G7 समिट में हिस्सा लेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन शहर पहुंचे। वह इमैनुएल मैक्रों के न्योते पर यहां पहुंचे हैं। भारत 13वीं बार एक पार्टनर देश के तौर पर इस समिट में शामिल हो रहा है, जबकि यह G7 नेताओं की बैठक में PM मोदी की लगातार सातवीं भागीदारी है।