1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. आयरलैंड ने प्रवासी भारतीयों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की, भारत ने सराहा

आयरलैंड ने प्रवासी भारतीयों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की, भारत ने सराहा

आयरलैंड द्वारा नस्ली हमलों की कड़ी निंदा का यह कदम वहां रह रहे भारतीय प्रवासी श्रमिकों और पेशेवरों के लिए आश्वासनकारी माना जा रहा है, जो उस देश के आर्थिक और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

आयरलैंड (फाइल)- India TV Hindi
Image Source : AP आयरलैंड (फाइल)

लंदन: आयरलैंड ने भारतीय नागरिकों पर हुए नस्ली हमलों की कड़ी निंदा की है। आयरलैंड के शीर्ष नेतृत्व द्वारा की गई कड़ी निंदा ने भारतीय समुदाय को आश्वासन और सांत्वना का संदेश दिया है। यह बात आयरलैंड में भारत के राजदूत अखिलेश मिश्रा ने कही। राजदूत ने यह टिप्पणी आयरलैंड की विदेश और व्यापार मामलों की समिति के अध्यक्ष जॉन लाहार्ट टीडी से बृहस्पतिवार को हुई मुलाकात के दौरान की।

भारतीयों का कम हुआ आक्रोश

उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति माइकल डी. हिगिंस, उप प्रधानमंत्री साइमन हैरिस, न्याय मंत्री और गार्डा आयुक्त द्वारा भारतीयों पर हमलों की स्पष्ट व कड़ी निंदा से न केवल आयरलैंड में बसे भारतीयों को, बल्कि भारत में रह रहे उनके परिवारों को भी एक जरूरी भरोसा मिला है।” इससे पहले, पिछले महीने आयरलैंड में भारतीय दूतावास ने नस्ली हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच भारतीय नागरिकों को “व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने” की सलाह जारी की थी।

जॉन लाहार्ट ने भारतीय समुदाय की सराहना की

बैठक के दौरान सांसद जॉन लाहार्ट ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में बसे भारतीय पेशेवरों सहित आयरलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति स्नेह और समर्थन जताया। राजदूत मिश्रा ने भारत-आयरलैंड संबंधों को लेकर उनके निरंतर समर्थन और भारतीय समुदाय के प्रति सहानुभूति के लिए आभार प्रकट किया।

भारत दिवस समारोह स्थगित

बीते महीने आयरलैंड इंडिया काउंसिल ने सुरक्षा चिंताओं के चलते अपना वार्षिक “भारत दिवस” समारोह स्थगित कर दिया था। यह निर्णय समुदाय में फैली असुरक्षा की भावना को दर्शाता है। आयरलैंड के शीर्ष नेताओं ने हालिया घटनाओं को ‘नफरत से प्रेरित हमले’ करार देते हुए उनकी स्पष्ट आलोचना की है। (भाषा)

Latest World News