A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. PM Modi Netherlands visit Live: प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के राजा और रानी से मुलाकात की, कई अहम मुद्दों पर चर्चा

PM Modi Netherlands visit Live: प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के राजा और रानी से मुलाकात की, कई अहम मुद्दों पर चर्चा

PM Modi Netherlands visit Live: पीएम मोदी पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंचे हैं। यहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके अलावा उनके स्वागत में कई कार्यक्रम भी किए गए।

pm modi- India TV Hindi
Image Source : X@@NARENDRAMODI पीएम मोदी ने नीदरलैंड के राजा और रानी से मुलाकात की

PM Modi Netherlands visit Live: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रॉयल पैलेस में नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर तथा रानी मैक्सिमा से मुलाकात की और डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, फिनटेक एवं समुद्री अर्थव्यवस्था में घनिष्ठ सहयोग पर चर्चा की। स्वीडन, नॉर्वे और इटली सहित पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत मोदी शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात में संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड पहुंचे।

 प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''महल में महामहिम राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से मुलाकात हुई। प्रौद्योगिकी, नवाचार, सतत विकास, वाणिज्य और जल संसाधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत-नीदरलैंड मित्रता को बढ़ावा देने पर विचारों का आदान-प्रदान करना अद्भुत रहा।'' मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड ''साझा हितों एवं भविष्य के लिए तैयार ग्रह के निर्माण में साझा विश्वास से जुड़े हुए हैं।'' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''उन्होंने भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ती साझेदारी पर चर्चा की।'' 

उन्होंने कहा, ''दोनों पक्षों ने स्थिरता, जलवायु कार्रवाई, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, फिनटेक और समुद्री अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में घनिष्ठ सहयोग पर ध्यान दिया।'' दोनों पक्षों ने भारत-नीदरलैंड संबंधों को और मजबूत करने के प्रति प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इससे पहले दिन में, मोदी ने हेग में भारतीय समुदाय के लोगों की एक सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने भारत को ''अवसरों की भूमि'' बताया जो ''अभूतपूर्व परिवर्तन'' से गुजर रही है। 

प्रधानमंत्री मोदी की 15 से 17 मई तक की नीदरलैंड यात्रा इस यूरोपीय देश की उनकी दूसरी यात्रा है। अधिकारियों ने इस यात्रा को भारत-नीदरलैंड संबंधों में एक ''महत्वपूर्ण मोड़'' बताया है। इससे पहले उन्होंने 2017 में नीदरलैंड की यात्रा की थी। भारत और नीदरलैंड ने हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश और जल, कृषि तथा स्वास्थ्य के प्राथमिकता वाले पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर अपने सहयोग का काफी विस्तार किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और समुद्री क्षेत्र सहित रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी में वृद्धि हुई है।

बता दें कि पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में लगभग ढाई घंटे तक रुके थे। इसके बाद वह नीदरलैंड रवाना हुए। अबू धाबी में पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता की। दोनों नेताओं की बातचीत के बाद भारत और UAE के बीच स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप एग्रीमेंट पर अहम समझौते हुए। इस समझौते के तहत भारत और UAE डिफेंस सेक्टर, साइबर सिक्योरिटी, काउंटर टेररिज़्म और इनोवेशन के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा, UAE भारत के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिज़र्व को बढ़ाने में भी मदद देगा। 

Latest World News

Live updates : PM Modi Netherlands visit Live

  • 11:57 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नीदरलैंड हमारा अहम साझेदार-पीएम मोदी

    PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम नीदरलैंड्स को भारत के सबसे अहम साझेदारों में से एक मानते हैं। नीदरलैंड्स भारत के शीर्ष पांच निवेशकों में से एक है। हमारे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के बीच के संबंध बहुत गहरे हैं। लोकतांत्रिक मूल्य, बाज़ार अर्थव्यवस्था और ज़िम्मेदार व्यवहार, ये हमारे साझा दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।"

     

  • 11:55 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    भारत और नीदरलैंड्स के संबंधों में एक नया अध्याय-रॉब जेटेन

    नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद कहा, "हमारे साझा मूल्य, जैसे कि लोकतंत्र और सुशासन का महत्व, दुनिया भर में दबाव में हैं। आज, हम अपनी रणनीतिक साझेदारी की घोषणा के साथ भारत और नीदरलैंड्स के बीच के संबंधों को एक कदम और आगे बढ़ा रहे हैं। यह यूरोपीय संघ और भारत के बीच हुए व्यापार समझौते पर आधारित एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे हमारे दोनों देश कई अलग-अलग क्षेत्रों में और भी अधिक निकटता से मिलकर काम कर सकेंगे। साथ मिलकर, हम अपने दोनों देशों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए महत्वाकांक्षी नवाचारों को बढ़ावा दे सकते हैं।"

  • 11:29 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पांच-देशों की यात्रा के दूसरे चरण के दौरान नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

  • 11:27 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    चोल काल की तांबे की प्लेटों के संग्रह को भारत लाया जाएगा

    पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर चोल काल की ताबे की प्लेटों के संग्रह को नीदरलैंड से भारत वापस लाने की जानकारी दी है। उन्होंने इसे भारतीयों के लिए खुशी का पल बताया है। पीएम मोदी ने लिखा कि चोल काल की इन तांबे की प्लेटों में 21 बड़ी और 3 छोटी प्लेटों का संग्रह शामिल है। इन पर लिखे अधिकांश लेख तमिल भाषा में अंकित हैं, जो दुनिया की सबसे खूबसूरत भाषाओं में से एक है। ये प्लेटें सम्राट राजेंद्र चोल प्रथम द्वारा अपने पिता, राजराजा चोल प्रथम को मौखिक रूप से दिए गए वचन को औपचारिक रूप प्रदान करती हैं। इसके अलावा, ये चोलों की गौरवगाथा का बखान करती हैं। एक भारतीय के तौर पर, हमें चोलों की संस्कृति और उनकी नौसैनिक शक्ति पर असीम गर्व है।

  • 9:11 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और ASML ने एक MoU साइन, पीएम मोदी भी रहे मौजूद

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और ASML ने एक MoU पर साइन किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।

  • 7:28 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी ने नीदरलैंड के राजा और रानी से मुलाकात की

    पीएम मोदी ने नीदरलैंड दौरे के दौरान राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंचे हैं, जहां वह अपने नीदरलैंड के पीएम Rob Jetten के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की 2017 के बाद दूसरी नीदरलैंड यात्रा है। दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, नवाचार, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

     

     

  • 4:56 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    PM मोदी नीदरलैंड के राजा और रानी से मिलेंगे

    हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मिलेंगे। वे आज नीदरलैंड के प्रधानिमंत्री रॉब जेटेन के साथ भी चर्चा करेंगे। इससे पहले उन्होंने हेग में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि  देश अभूतपूर्व परिवर्तन से गुजर रहा है और इसकी आकांक्षाएं ''अब इसकी सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। भारत बड़े सपने देख रहा है और उसके युवा आसमान छूने की आकांक्षा रखते हैं। (रिपोर्ट-देवेंद्र पराशर)

  • 2:34 PM (IST) Posted by Amar Deep

    ओसीआई कार्ड की एलिजिबिलिटी चौथी पीढ़ी से बढ़ाकर छठी पीढ़ी तक की: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'सूरीनामी हिंदुस्तानी समाज के लिए भारत ने ओसीआई कार्ड की एलिजिबिलिटी चौथी पीढ़ी से बढ़ाकर छठी पीढ़ी तक कर दी है। 21वीं सदी का भारत अवसरों की भूमि है। भारत जितना प्राचीन है उतना ही मॉर्डर्न बन रहा है। यह समय भारत में आपके पुरखों से जुड़ने का भी है। मैं नीदरलैंड में भारतीय समुदाय के साथियों से कहुंगा कि आप भारत में ज्यादा से ज्यादा सहयोग बढ़ाएं।'

  • 2:32 PM (IST) Posted by Amar Deep

    स्पोर्ट में दोनों देश मिलकर कर रहे काम: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे बीच दोस्ती की एक और कड़ी है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती और वो है स्पोर्ट। हम दोनों देश स्पोर्ट के क्षेत्र में बहुत कुछ मिलकर कर रहे हैं। नीदरलैंड की क्रिकेट में भारतीय समुदाय का बहुत बड़ा योगदान है। भारत में टी20 वर्ल्ड कप हुआ, उसमें नीदरलैंड की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। भारत वर्ल्ड कप चैम्पियन है, लेकिन भारत की टीम को भी नीदरलैंड की टीम ने बहुत बड़ी टक्कर दी थी। जब आर्यन दत्त जैसे खिलाड़ी डच क्रिकेट की टीम में योगदान देते हैं तो हम सभी को अच्छा लगता है। जैसे क्रिकेट में भारतीयों का योगदान है वैसे ही भारत की हॉकी में नीदरलैंड का योगदान है। भारत की हॉकी को निखारने में डच कोच की कोशिश रही है। हमारी विमेन हॉकी टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है, इसमें कोच मरीन का अहम रोल है। इस साल तो हॉकी वर्ल्ड कप का होस्ट नीदरलैंड है। वर्ल्ड कप जो भी जीते, इस ओलंपिक में भारत और नीदरलैंड की दोस्ती जरूर जीतेगी।'

  • 2:28 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भारतीय बिजनेस के लिए यूरोप में प्रवेश का नेचुरल गेटवे बनेगा नीदरलैंड: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'भारतीय बिजनेस के लिए यूरोप में प्रवेश का नेचुरल गेटवे नीदरलैंड बनेगा। इस जर्नी में हमारा समुदाय ट्रस्टेड ब्रिज बन सकता है। इसलिए मैं कहता हूं कि डायस्पोरा इंडिया की एम्बिशन को समझता है और यूरोप के स्टैंडर्ड को भी समझता है। नीदरलैंड, ट्यूलिप की धरती है, जिसे देखने के लिए दुनिया भर के लोग यहां आते हैं। भारत में भी ट्यूलिप गार्डन हमारे श्रीनगर में है। जिस तरह नीदरलैंड को ट्यूलिप के लिए जाना जाता है वैसे ही भारत कमल के लिए जाना जाता है। ट्यूलिप और कमल दोनों फूल हमें बताते हैं कि जड़ें जाहे पानी में हों या धरती पर अगर सही पोषण मिले तो सुंदरता भी मिलती है और स्ट्रेंथ भी आ जाती है।'

  • 2:25 PM (IST) Posted by Amar Deep

    ये दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'आज मानवता के सामने कई बड़ी चुनौतियां भी हैं। पहले कोरोना आया, फिर युद्ध शुरू हो गए और अब आज की एनर्जी संकट है। ये दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा है। अगर स्थितियां तेजी से नहीं बदली गईं तो बीते अनेक दशकों की उपलब्धियों पर पानी फिर जाएगा। दुनिया की बड़ी आबाद फिर से गरीबी के दलदल में चली जाएगी। ऐसी परिस्थितियों में भारत और नीदरलैंड मिलकर एक ट्रस्टेड, ट्रांसपैरेंट सप्लाई चैन बनाने में जुटे हैं।'

  • 2:23 PM (IST) Posted by Amar Deep

    हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड टूट रहे: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'असम, बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुडेचेरी में इस बार 80-90 प्रतिशत तक वोटिंग हुई और इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत ज्यादा बढ़ी है। आज भारत में वोटर उत्साहित हैं। हमें गर्व होता है हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। भारत में 90 करोड़ से अधिक वोटर पंजीकृत हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में 64 करोड़ लोगों ने वोट डाला यानी यूरोपियन यूनियन की टोटल आबादी से भी ज्यादा भारतीयों ने वोटिंग की। मदर ऑफ डेमोक्रेसी के रूप में ये हम सभी के लिए गर्व की बात है।'

  • 2:16 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफैक्चरर: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'सबसे ऊंची और सबसे लंबी टनल, सबसे ऊंचे और लंबे ब्रिज, सबसे लंबे एक्सप्रेसवे, सबसे लंबे मेट्रो नेटवर्क हों, सबसे बड़े इलेक्ट्रिफाइड रेल नेटवर्क हों, ये सब आज भारत में बन रहे हैं। बीते सालों में भारत ने धरती से चंद्रमा की दूरी जितनी है, उससे भी 11 गुणा अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है। एक दशक पहले हम मोबाइल इम्पोर्ट करते थे, आज भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफैक्चरर है।आज के भारत की एक और पहचान है, आज का भारत इनोवेशन पॉवर्ड है। ये भारतीयों के इनोवेशन का प्रमाण है।'

  • 2:13 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'बड़े से बड़ा लक्ष्य हो, आज का भारत कहता है हम ये लक्ष्य पाकर ही रहेंगे और हम ये करके दिखा रहे हैं। आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आपने देखा होगा कि दुनिया की सबसे बड़ी और सफल एआई समिट भारत ने आयोजित की। उससे पहले जी20 की सफल समिट भी भारत ने आयोजित की थी। ये कोई वन टाइम इवेंट नहीं था, ये आज के भारत का मिजाज बन गया है। चांद पर भी भारत वहां पहुंचा जहां पहले कोई नहीं पहुंच पाया था। न्यूक्लियर एनर्जी में दुनिया के सबसे एडवांस फास्ट ब्रीडर रिएक्टर पर भी आज सफलता के साथ भारत काम कर रहा है।'

  • 2:10 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भारत चाहता है कि वो दुनिया का ग्रोथ इंजन बने: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'भारत का युवा आज आसमान छूना चाहता है, वो स्टार्टअप शुरू करना चाहता है, वो क्वालिटी प्रोडक्ट बनाना चाहता है, वो एआई और सेमीकंडक्टर की दुनिया में भारत को आगे ले जाना चाहता है। इसलिए ही भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम लगातार हो रहा है। अब हम दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम वाले देश हैं। आज भारत की इस्पिरेशन सिर्फ अपनी सीमाओं तक नहीं है। भारत चाहता है कि वो ओलंपिक होस्ट करे, ग्रीन एनर्जी लीडर बने और दुनिया का ग्रोथ इंजन बने।'

  • 2:07 PM (IST) Posted by Amar Deep

    25 वर्ष तक करोड़ों वोटर का समर्थन मेरे लिए सौभाग्य की बात: PM मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'जब पीछे मुड़कर देखता हूं 13 साल मुख्यमंत्री के रूप में 12 वर्ष प्रधानमंत्री की सेवा, डेमोक्रेटिक वर्ल्ड में 25 वर्ष तक करोड़ों वोटर का समर्थन मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मेरे लिए ये सिर्फ आंकड़ा नहीं है, ये आपका आशीर्वाद मेरे लिए पूंजी है। दुनिया का कोई भी देश हो अगर उसे आगे बढ़ना है तो उसे बड़े सपने देखने की होंगे। आज हमारा भारत भी बहुत बड़े सपने देख रहा है। आज देश कह रहा है हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं बेस चाहिए।'

  • 2:04 PM (IST) Posted by Amar Deep

    16 मई का दिन बहुत विशेष: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने आगे कहा, 'आज 16 मई है और ये दिन एक और वजह से बहुत विशेष है। आज से 12 साल पहले 2014 में 16 मई 2014 कुछ खास हुआ था। 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है... कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है। ये नॉनस्टॉप चले ही जा रहा है।'

  • 2:00 PM (IST) Posted by Amar Deep

    आपने डच भाषा को अपनाया, लेकिन अपने पुरखों की भाषा को भी छोड़ा नहीं: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'किसी ने सोचा भी नहीं था कि दो महासागर पार करके भी भारतीयों की पहचान इतनी जीवंत रहेगी। आपके पूर्वज बहुत कुछ पीछे छोड़कर आए थे, लेकिन कुछ चीजें हमेशा आपके साथ रहीं। अपनी मिट्टी की खुशबू, अपने त्योहारों की स्मृतियां, भजन की धुनें और अपने पूर्वजों के संस्कार। मानवता का इतिहास साक्षी है कि समय के साथ अनेक संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन भारत का डायवर्स कल्चर आज भी अपने लोगों के दिलों में धड़कता है। पीढ़ियां बदल गईं, देश बदल गए, परिवेश बदल गए, लेकिन परिवार के संस्कार नहीं बदले। आपने डच भाषा को अपनाया, लेकिन अपने पुरखों की भाषा को भी छोड़ा नहीं।'

  • 1:52 PM (IST) Posted by Amar Deep

    नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे पीएम मोदी

    भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं कुछ समय के लिए भूल गया कि मैं नीदरलैंड में हूं। मुझे लगा कि मैं भारत के ही किसी कार्यक्रम में हूं।

  • 1:42 PM (IST) Posted by Amar Deep

    नीदरलैंड में कम्यूनिटी प्रोग्राम को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

    PM मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "कुछ ही समय में, मैं नीदरलैंड के हेग में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करूंगा। भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करना हमेशा ही सुखद अनुभव होता है।"

  • 11:25 AM (IST) Posted by Amar Deep

    आध्यात्मिक कार्यक्रम के साक्षी बने पीएम मोदी

    नीदरलैंड पहुंचने के बाद पीएम मोदी हेग शहर में एक होटल में पहुंचे। यहां उनके समक्ष एक आध्यात्मिक कार्यक्रम भी पेश किया गया।

     

  • 10:59 AM (IST) Posted by Amar Deep

    भारतीय समुदाय ने किया पीएम मोदी का स्वागत

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स की यात्रा के दौरान जिस होटल में ठहरे हैं, वहां भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

  • 10:12 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी के सामने पेश किया गया सांस्कृतिक कार्यक्रम

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स के हेग शहर में एक होटल में पहुंचे। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें पीएम मोदी ने देखा।

  • 9:47 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी ने शेयर की नीदरलैंड में हुए स्वागत की तस्वीरें

    नीदरलैंड में हुए जोरदार स्वागत की तस्वीरें शेयर करते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "कल नीदरलैंड्स में भारतीय प्रवासियों द्वारा किया गया स्वागत समारोह उल्लेखनीय था। इस स्वागत समारोह में कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम जैसी नृत्य शैलियों का प्रदर्शन शामिल था। इसके अलावा, गरबा नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।"

    पीएम मोदी ने नीदरलैंड्स में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए स्वागत समारोह की कुछ और तस्वीरें भी शेयर कीं।

     

  • 9:13 AM (IST) Posted by Amar Deep

    नीदरलैंड पहुंचने पर पीएम ने किया पोस्ट

    नीदरलैंड पहुंचने पर पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "(मैं) एम्स्टर्डम पहुंच गया हूं। नीदरलैंड्स की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है। इससे सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने का अवसर मिलता है। प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से बातचीत करूंगा और महामहिम राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से मुलाकात करूंगा। 16 तारीख की सुबह एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए भी उत्सुक हूं।"

     

  • 8:51 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत

    नीदरलैंड पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलर, एडजुटेंट-जनरल और महामहिम राजा के सैन्य परिवार के प्रमुख; विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन; और नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन के साथ-साथ नीदरलैंड सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

  • 8:00 AM (IST) Posted by Amar Deep

    नीदरलैंड पहुंचे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के लिए नीदरलैंड्स पहुंच गए हैं। नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड्स की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री महामहिम राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से बातचीत करेंगे।