A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. PM Modi Norway visit Live: पीएम मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान, यहां पढ़ें पल-पल का अपडेट
Live now

PM Modi Norway visit Live: पीएम मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान, यहां पढ़ें पल-पल का अपडेट

PM Modi Norway visit Live: पीएम मोदी पांच देशों के दौरे के चौथे चरण में आज नार्वे पहुंचे। इससे पहले वह तीन देशों की यात्रा कर चुके हैं। पीएम मोदी यहां दो दिन रुकेंगे।

पीएम मोदी को मिला...- India TV Hindi
Image Source : ANI पीएम मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान

PM Modi Norway visit Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों पांच देशों के दौरे पर हैं। इस क्रम में वह आज चौथे देश नार्वे पहुंचे। नॉर्वे ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ़ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट' प्रदान किया है। 'ग्रैंड क्रॉस' रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट का सर्वोच्च सम्मान है। पीएम मोदी के लिए यह 32वां वैश्विक सम्मान है।

सैन्य कार्रवाई से स्थायी शांति नहीं-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ व्यापक वार्ता करने के बाद पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए संवाद व कूटनीति का आह्वान करते हुए कहा कि केवल सैन्य कार्रवाई से स्थायी शांति प्राप्त नहीं की जा सकती है। नॉर्वे  के साथ बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों की समग्र दिशा को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया था। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, "भारत और नॉर्वे, दोनों ही नियम-आधारित व्यवस्था, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। हम इस बात से सहमत हैं कि किसी भी मुद्दे का समाधान केवल सैन्य संघर्ष से नहीं किया जा सकता है।" 

पीएम मोदी इससे पहले यूएई, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। नॉर्वे में पीएम मोदी दो दिनों तक रुकेंगे। नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में पीएम मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बीच पीएम मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी की।

नार्वे में होने वाली हैं अहम डील

 पीएम मोदी यहां भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पिछले 43 वर्षों में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा है। इस दौरे में 30 से अधिक व्यापारिक और तकनीकी समझौते होने की उम्मीद है। इसमें 'ग्रीन टेक्नोलॉजी' और एलपीजी सप्लाई की डील सबसे खास होगी। नॉर्वे के सरकारी फंड का भारत के शेयर बाजार में $28 अरब का निवेश है। इस दौरे में नए निवेश की घोषणा भी हो सकती है।

स्वीडन में पीएम का हुआ जोरदार स्वागत

इससे पहले पीएम मोदी स्वीडन पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी को रिसीव करने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन खुद एयरपोर्ट पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार' से नवाजा गया। स्वीडन में कारोबारियों के साथ एक कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने भारत और यूरोप के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को जल्द से जल्द लागू करने पर जोर दिया। वहीं पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की कार्रवाई का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने आतंकवाद के मामले पर साफ कर दिया कि किसी भी टेररिस्ट एक्टिविटी के खिलाफ भारत का एक्शन जारी रहेगा। 

Latest World News

Live updates : PM Modi Norway visit Live

  • 10:38 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नॉर्वे के पीएम ने कहा-हमने आज कई समझौतों को अंतिम रूप दिया

    ओस्लो सिटी हॉल में नॉर्वे-भारत व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन में, नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने कहा, "एक बात जिस पर मैंने आज प्रधानमंत्री मोदी के साथ चर्चा की, वह यह है कि जो देश नियम-आधारित व्यवस्था में विश्वास रखते हैं—जो स्थिर नहीं है, बल्कि हमेशा विकसित होती रहती है और अपने आस-पास हो रही घटनाओं के प्रति प्रतिक्रिया देती रहती है—और जो देश व्यापार, भू-राजनीति और देशों के आपसी व्यवहार में कुछ निश्चित मानकों और स्थिरता में विश्वास रखते हैं, उन्हें एक-दूसरे के और करीब आना होगा। वैश्विक समुदाय में कुछ ऐसे प्रमुख खिलाड़ी मौजूद हैं जो कुछ महत्वपूर्ण श्रृंखलाओं को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। वे कुछ हद तक कूटनीति, व्यापार, मूल्य श्रृंखलाओं और महत्वपूर्ण दुर्लभ खनिजों को हथियार बना रहे हैं। इस यात्रा के बारे में जिस बात की मैं सराहना करता हूं, वह यह है कि हमने आज कई समझौतों को अंतिम रूप दिया है। नॉर्वे की तरफ से कई प्रमुख खिलाड़ी अब इसमें शामिल हो चुके हैं। नॉर्वे की सरकार इन समझौतों को आगे बढ़ाने और राजनीतिक संपर्कों को और गहरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कल हमारा एक नॉर्डिक-भारत शिखर सम्मेलन है।"

  • 10:37 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    हमने नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म्स किए-पीएम मोदी

     प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ".आज एक ऐसा समय है, जिसका सही समय का, सही उपयोग का एक अवसर है। अक्टूबर 2025 में हमने यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन के साथ व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता (TEPA) लागू किया। ये यूनिक और स्पेशल एग्रीमेंट हमारे बीच टैलेंट, टेक्नोलॉजी और म्युचुअल ट्रस्ट का एग्रीमेंट है। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म इस मंत्र को लेकर जब हम आगे बढ़ रहे हैं तब, अगर पीछे की तरफ देखें तो पिछले 12 वर्षों में हमने भारत का इकोनॉमिक डीएनए पूरी तरह चेंज कर दिया है। हाल ही में हमने टैक्सेशन, लेबर कोड और गवर्नेंस जैसे विषयों में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म्स किए हैं।" 

     

  • 10:35 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    'हमारी साझेदारी की नींव बहुत ही मजबूत', बिजनेस एवं रिसर्च समिट में बोले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओस्लो सिटी हॉल में नॉर्वे-भारत बिजनेस एवं रिसर्च शिखर सम्मेलन में कहा- "नॉर्वे और इंडिया के बिजनेस और रिसर्च लीडर्स के बीच आज बातचीत करने का अवसर मिला है। इस समिट के भव्य आयोजन के लिए मैं नॉर्वे के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। आज नॉर्वे और भारत के बिजनेस और रिसर्च लीडर्स के बीच होना मेरे लिए खुशी की बात है। कुछ साथियों को जो सुना ये सुनकर विश्वास होता है कि हमारी साझेदारी की नींव बहुत ही मजबूत है। ये केवल संभावनाओं की नहीं, ये एक साबित साझेदारी है। आज जब फूड, फ्यूल और फर्टिलाइजर सिक्योरिटी एक प्रकार से वैश्विक चुनौती बन गई है तो भारत और नॉर्वे मिलकर इनका समाधान कर रहे हैं।

     

  • 6:16 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी को नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान मिला

    ओस्लो में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे ने अपना सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ़ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट' प्रदान किया है। 'ग्रैंड क्रॉस' रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट का सर्वोच्च सम्मान है। यह प्रधानमंत्री मोदी के लिए 32वां वैश्विक सम्मान है।

  • 6:14 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पहलगाम हमले के कारण नॉर्वे की यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी-पीएम मोदी

    ओस्लो में पीएम मोदी ने कहा,"नॉर्वे की यात्रा करके मुझे बहुत खुशी हो रही है यह देश प्रकृति और मानवीय प्रगति के बीच सद्भाव का सुंदर उदाहरण है। मैं पिछले वर्ष नॉर्वे आने वाले वाला था लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण वो यात्रा स्थागित करनी पड़ी और उस कठिन समय में नॉर्वे ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ मजबूती से खड़े होकर सच्ची मित्रता का परिचय दिया।"

     

  • 6:10 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नॉर्वे के पीएम ने कहा-'सहयोग से बेहतर परिणाम मिलते हैं'

    नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने कहा, "हम उच्च-तकनीकी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को विकसित करने, डिजिटल स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अनुसंधान और स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि एकतरफापन और अलगाव की तुलना में सहयोग से बेहतर परिणाम मिलते हैं, खासकर जब बात वैश्विक चुनौतियों की हो। हमें उन लोगों के खिलाफ खड़ा होना होगा जो कूटनीति, व्यापार और प्रौद्योगिकी को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। आज हम अपने सामने मौजूद कुछ प्रमुख मुद्दों जैसे कि यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व युद्ध पर चर्चा की।"

  • 6:07 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    सैन्य संघर्ष से किसी मुद्दे का सामाधान नहीं-पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा," भारत और नॉर्वे दोनों नियम-आधारित व्यवस्था, संवाद और कूटनीति  में विश्वास रखते हैं।  हम एकमत हैं कि केवल सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता।  यूक्रेन हो या पश्चिमी एशिया, हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के हर प्रयास का समर्थन करते रहेंगे। हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ते हुए वैश्विक चुनौतियाँ के समाधान के लिए वैश्विक संस्थाएँ का सुधार अनिवार्य है।  और आतंक के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता है।"

     

  • 4:18 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओस्लो में नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। पीएम मोदी  ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।

  • 1:11 PM (IST) Posted by Amar Deep

    नार्वे पहुंचे पीएम मोदी

    पीएम मोदी नार्वे पहुंच गए हैं। यहां वह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। ओस्लो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया।

  • 1:07 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी

    पीएम मोदी नार्वे में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन मंगलवार को ओस्लो में होगा। इसमें पीएम मोदी और नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के उनके समकक्ष शामिल होंगे।

  • 12:32 PM (IST) Posted by Amar Deep

    स्वीडन में द्विपक्षीय संबंधों पर बनी सहमति

    स्वीडन की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने अपने स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। उन्होंने भारत-स्वीडन संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की, जो संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

  • 12:03 PM (IST) Posted by Amar Deep

    स्वीडन से रवाना हुए पीएम मोदी

    स्वीडन की यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्वे के ओस्लो के लिए रवाना हो गए हैं। वह नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे से मुलाकात भी करेंगे।