1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Russia Ukraine War: अब यूक्रेन की मदद के लिए आगे आया यह देश, बड़ी सैन्य सहायता का किया ऐलान

Russia Ukraine War: अब यूक्रेन की मदद के लिए आगे आया यह देश, बड़ी सैन्य सहायता का किया ऐलान

रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है और फिलहाल यह थमती हुई नजर नहीं आ रही है। इस बीच यूक्रेन की मदद के लिए ब्रिटेन आगे आया है। ब्रिटेन ने यूक्रेन के लिए बड़ी सैन्य मदद का ऐलान किया है।

 रूस यूक्रेन जंग- India TV Hindi
Image Source : AP रूस यूक्रेन जंग

Russia Ukraine War: रूस के खिलाफ जंग में अब यूक्रेन को ब्रिटेन के नेतृत्व में 580 मिलियन डॉलर की नई सैन्य सहायता मिलेगी। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उनका देश इस साल यूक्रेन के लिए अपने 4.5 बिलियन पाउंड के सैन्य सहायता पैकेज से 350 मिलियन पाउंड की राशि प्रदान करेगा। इस धनराशि से वाहनों और उपकरणों के साथ-साथ रडार प्रणालियों की मरम्मत और रखरखाव का काम किया जाएगा।

ब्रिटेन ने क्या कहा?

ब्रिटेन ने शुक्रवार को कहा कि यूरोपीय सहयोगी रूस के साथ किसी भी शांति समझौते से पहले यूक्रेन की स्थिति को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। यह धनराशि ऐसे समय में दी गई है जब ब्रिटिश रक्षा मंत्री जॉन हीली अपने जर्मन समकक्ष बोरिस पिस्टोरियस के साथ ब्रुसेल्स में यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस समूह में नाटो और यूक्रेन का समर्थन करने वाले अन्य देश भी शामिल हैं।

रूस कर रहा है ताबड़तोड़ हमले

फिलहाल हालात को देखते हुए रूस और यूक्रेन के बीच जंग थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर हमलों को और तेज कर दिया है। रूस की ओर से यूक्रेन की राजधानी कीव को भी निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में रूस ने कीव पर घातक हमले किए थे। कीव से पहले रूस ने यूक्रेनी शहर क्रीवी रीह पर बमबारी की थी। 

Image Source : ap रूस यूक्रेन जंग

रूस शुरू कर सकता है नए आक्रमण

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस की ओर से लगातार हो रहे हमलों को लेकर यूक्रेन सरकार के अधिकारियों ने बड़ी बात कही है। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि रूसी सेनाएं कीव पर दबाव बढ़ाने के साथ-साथ युद्ध विराम वार्ता में क्रेमलिन की स्थिति को मजबूत करना चाहती हैं। अपने इस मकसद को अंजाम देने के लिए रूस आने वाले दिनों में यूक्रेन को टारगेट कर नया सैन्य आक्रमण शुरू करने की तैयारी में है। 

यह भी पढ़ें:

'आतंकवाद के खिलाफ भारत और अमेरिका साथ', तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण होने के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने दिया बयान

US Helicopter Crash: अमेरिका में हडसन नदी में गिरा हेलिकॉप्टर, 6 लोगों की मौत; सामने आया VIDEO

Latest World News