A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस में हो क्या रहा है? पहले आया भूकंप और फिर फट पड़ा ज्वालामुखी; दहशत में लोग

रूस में हो क्या रहा है? पहले आया भूकंप और फिर फट पड़ा ज्वालामुखी; दहशत में लोग

रूस में 8.8 तीव्रता का भूकंप आने के बाद एक ज्वालामुखी फट पड़ा है। रूस के सुदूर पूर्व में स्थित क्लुचेव्स्काया ज्वालामुखी बुधवार को फटा है। यह विस्फोट भूकंप आने के कुछ घंटों बाद हुआ है।

Russia Volcano Erupts- India TV Hindi
Image Source : AP Russia Volcano Erupts

Russia Volcano Eruption: रूसी भूभौतिकीय सर्वेक्षण ने बताया है कि रूस के सुदूर पूर्व में स्थित क्लुचेव्स्काया ज्वालामुखी बुधवार को फट गया। यह विस्फोट एक बड़े भूकंप के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसके बाद प्रशांत तट के कुछ हिस्सों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सर्वेक्षण ने टेलीग्राम पर कहा, "क्लुचेव्स्काया अभी फट रहा है।" सर्वेक्षण में ज्वालामुखी के ऊपर नारंगी रंग की ज्वाला की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं और कहा गया कि "पश्चिमी ढलान से लाल गर्म लावा बहता हुआ दिखाई दे रहा है। ज्वालामुखी के ऊपर एक तेज चमक और विस्फोट दिखाई दे रहे हैं।"

रूस में आया भूकंप

रूस के सुदूर पूर्व में बुधवार तड़के आए 8.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण जापान, अमेरिका के हवाई और प्रशांत महासागर में सुनामी की लहरें उठीं। यह भूकंप मार्च 2011 के बाद दुनिया में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है। भूकंप और सुनामी के कारण कई लोग घायल हुए हैं, अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, अधिकारियों ने लोगों को तटरेखाओं से दूर रहने की चेतावनी दी है।

'बुरा समय बीत चुका है'

अमेरिका, जापान और रूस सहित कई क्षेत्रों के लिए सबसे बुरा दौर बीत चुका प्रतीत होता है क्योंकि सुनामी संबंधी चेतावनी के स्तर को कम कर दिया गया है, लेकिन दक्षिण अमेरिका के प्रशांत तट पर चिली और कोलंबिया में नई चेतावनियों के कारण लोगों को अपना घर खाली करना पड़ रहा है। अमेरिका के पश्चिमी तट के अधिकतर हिस्सों में सुनामी संबंधी चेतावनी जारी रहने के बीच अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री क्रिस्टी नोएम ने कहा कि सबसे बुरा समय बीत चुका है। इस बीच, रूस के अधिकारियों ने सुदूर पूर्व में क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद कामचटका प्रायद्वीप और कुरील द्वीप समूह पर जारी सुनामी की चेतावनी रद्द कर दी। हालांकि, उनका कहना है कि अब भी कुछ खतरा बना हुआ है। 

आ सकते हैं भूकंप के झटके

रूस के आपातकालीन मंत्रालय की क्षेत्रीय शाखा ने कामचटका को लेकर चेतावनी दी है कि भूकंप के बाद के झटकों की आशंका है, जिनकी तीव्रता 7.5 तक हो सकती है। इसमें कहा गया है कि अवाचा खाड़ी में, जहां क्षेत्रीय राजधानी पेत्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की स्थित है, और भी सुनामी आ सकती है। इससे पहले दिन में, रूस में कामचटका प्रायद्वीप पर 8.8 तीव्रता वाले भूकंप के केंद्र के पास स्थित बंदरगाहों में पानी भर गया जिससे निवासियों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।

डर गए थे लोग

रूस की समाचार एजेंसी ‘तास’ ने भूकंप के केंद्र के पास सबसे बड़े शहर पेत्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से खबर दी कि कई लोग जूते और उचित कपड़े पहने बिना ही सड़कों पर निकल आए। घरों के अंदर अलमारियां गिर गईं, शीशे टूट गए, इमारतें एवं कारें जोर-जोर से हिलने लगीं। इससे पहले जुलाई में, कामचटका के पास समुद्र में पांच शक्तिशाली भूकंप आए थे जिसमें सबसे भीषण भूकंप 7.4 तीव्रता का था। कामचटका में चार नंवबर 1952 को आए 9.0 तीव्रता के भूकंप के कारण भारी क्षति हुई थी।

यह भी पढ़ें:

हिरोशिमा जैसे 14300 परमाणु बम फटे एक साथ! 8.8 तीव्रता के भूकंप की ताकत जानकर हैरान रह जाएंगे आप

रूस में 8.8 तीव्रता का भूकंप भी नहीं हिला सका डॉक्टरों का हौसला, झूलते ऑपरेशन थिएटर में करते रहे सर्जरी; देखें VIDEO

Latest World News