1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. स्पेन के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर का इस्तीफा, हाई-स्पीड ट्रेन हादसे में 69 लोगों की मौत के बाद लिया फैसला

स्पेन के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर का इस्तीफा, हाई-स्पीड ट्रेन हादसे में 69 लोगों की मौत के बाद लिया फैसला

स्पेन में हुए हाई-स्पीड ट्रेन हादसे के 6 दिन बाद उनके परिवहन मंत्री Oscar Puente ने अपने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। इस दुर्घटना में 69 लोगों की जान चली गई थी।

Spain Train Accident- India TV Hindi
Image Source : AP स्पेन के परिवहन मंत्री Oscar Puente ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।

स्पेन के परिवहन मंत्री ने बीते मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। यह घोषणा मैड्रिड के साउथ में एक हाई-स्पीड ट्रेन हादसे के 6 दिन बाद की गई है। इस दुर्घटना में 69 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर Oscar Puente ने सांसदों के सामने घंटों तक चली सुनवाई के आखिर में यह ऐलान किया। जान लें कि यह हादसा स्पेन के विशाल हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर इस साल हुई दूसरी ऐसी जानलेवा टक्कर थी।

दो बड़े हादसों के बाद अपने पद पर नहीं रह सकता- Puente

Oscar Puente ने सांसदों से कहा, "स्पेन जैसे देश में, एक साल से भी कम वक्त में दो हादसे होने के बाद कोई परिवहन मंत्री अपने पद पर नहीं बना रह सकता। यह राजनीतिक गरिमा और पीड़ितों के प्रति संवेदना का प्रश्न है।" बता दें कि 28 अक्टूबर का हादसा तब हुआ था जब एक तेज रफ्तार ट्रेन, पटरियों पर खड़ी दूसरी ट्रेन से जा टकराई। इस दुर्घटना की शुरुआत तब हुई जब मैड्रिड-सेविले लाइन पर सुरक्षा प्रणाली का काम करने वाला जरूरी कम्युनिकेशन सिस्टम ठप हो गया था। मैड्रिड में मौजूद सेंट्रल कंट्रोलर्स ने कमान संभाली और एक ट्रेन को आगे बढ़ने की इजाजत दे दी, जबकि आगे एक ट्रेन पहले से ही खड़ी थी।

जनवरी में हुए हादसे में हुई थी 46 लोगों की मौत

गौरतलब है कि इस साल मैड्रिड-सेविले रेलवे लाइन पर यह दूसरा बड़ा हादसा था। इससे पहले जनवरी में, इसी रूट पर साउथ की तरफ 2 घंटे से ज्यादा की दूरी पर एक ट्रेन पटरी से उतर गई और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई। इस हादसे में 46 लोगों की जान चली गई थी। उस दुर्घटना की पड़ताल अभी भी चल रही है। इन दो टक्करों ने स्पेन के रेल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं। यह ताजा दुर्घटना तो स्पेन के राष्ट्रीय चुनावों से 4 हफ्ते पहले हुई है।

स्पेन में है दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाईस्पीड रेल नेटवर्क

जान लें कि स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को उनके देश की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक कहा जाता है। चीन के बाद, यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क है। तीन दशकों से भी पहले शुरू होने के बाद से, इस साल तक यहां कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ था। बीते मंगलवार को, Oscar Puente ने रेल नेटवर्क के लिए सरकार की तरफ से लागू किए जाने वाले अतिरिक्त सुरक्षा उपायों का ऐलान किया। इनमें कंट्रोल सेंटरों की स्थिति में सुधार करना और सुरक्षा व सिग्नलिंग के लिए 'स्टैंडर्डाइज्ड यूरोपियन रेल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम' को जल्द से जल्द लागू करने पर जोर देना शामिल है।

(इनपुट- AP)

ये भी पढ़ें- स्पेन में 2 ट्रेनों में भीषण टक्कर, 42 लोगों की मौत; कौन है 'बोरो'...जिसकी हो रही सबसे तेज तलाश

Latest World News