1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस की राजधानी मॉस्को में प्लेन हुआ क्रैश, विमान में सवार सभी लोगों की मौत

रूस की राजधानी मॉस्को में प्लेन हुआ क्रैश, विमान में सवार सभी लोगों की मौत

मॉस्को के कोलोम्ना जिले में एक याक-18टी ट्रेनर विमान क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ। विमान को उड़ान की अनुमति न होने की भी जांच हो रही है।

Moscow plane crash, Yak-18T crash, Russia aircraft accident- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE मॉस्को में एक याक-18टी ट्रेनर विमान क्रैश हो गया।

मॉस्को: रूस की राजधानी मॉस्को के कोलोम्ना जिले में शनिवार को एक दुखद हवाई हादसा हुआ, जिसमें एक हल्के ट्रेनर विमान याक-18टी (Yakovlev Yak-18T) के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 4 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में चालक दल के सदस्य और ट्रेनी पायलट शामिल थे। यह हादसा उस वक्त हुआ जब विमान हवाई करतब (aerobatics) की प्रैक्टिस कर रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान अचानक अनियंत्रित हो गया और जमीन पर आ गिरा।

इंजन फेल होने के बाद विमान अनियंत्रित हो गया

रूस के आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रेस ब्यूरो के मुताबिक, हादसे की वजह विमान के इंजन में आई तकनीकी खराबी थी। बताया जा रहा है कि इंजन फेल होने के बाद विमान अनियंत्रित हो गया और कोलोम्ना के एक खुले खेत में जा गिरा। दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिससे उसमें सवार सभी 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि जमीन पर कोई नुकसान या हताहत नहीं हुआ। 

विमान को नहीं मिली थी उड़ान भरने की इजाजत?

कुछ अनौपचारिक रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस विमान को उड़ान भरने की आधिकारिक इजाजत नहीं मिली थी। यह बात हादसे की गंभीरता को और बढ़ा देती है। मॉस्को क्षेत्र के प्रॉसिक्यूटर ऑफिस ने इस मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है ताकि हादसे के सटीक कारणों और नियमों के उल्लंघन की संभावना का पता लगाया जा सके। जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या उड़ान से पहले जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।

रूस में बड़े पैमाने पर होता है इस प्लेन का इस्तेमाल

बता दें कि याक-18टी एक हल्का ट्रेनर विमान है, जिसका इस्तेमाल पूर्व सोवियत संघ के देशों में फ्लाइंग क्लबों और प्रशिक्षण केंद्रों में बड़े पैमाने पर होता है। यह विमान अपनी मजबूती और सिविल एविएशन पायलटों को प्रशिक्षण देने में उपयोगिता के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस तरह के हादसे एविएशन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करते हैं। (PTI)

Latest World News