'घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं', अमित शाह ने कांग्रेस और RJD पर साधा निशाना
आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के सीतामढ़ी पहुंचे हैं। यहां उन्होंने पुनौरा धाम में मां जानकी मंदिर और उसके परिसर के व्यापक विकास योजना की आधारशिला रखी।

अयोध्या राम मंदिर के बाद अब बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर परिसर के निर्माण की घड़ियां खत्म होने जा रही हैं। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुनौरा धाम में मां जानकी मंदिर और उसके परिसर के व्यापक विकास योजना की आधारशिला रखी। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। ये मंदिर 882 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बनेगा। यह वही पवित्र स्थान है जिसे माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। परियोजना का उद्देश्य इस धाम को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करना है, ताकि यह न सिर्फ श्रद्धालुओं बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी प्रमुख धार्मिक केंद्र बन सके। वहीं, मंदिर के शिलान्यास की टाइमिंग पर विपक्ष सवाल उठा रहा हैं। वहीं सरकार का कहना है कि आज हर बिहारी का सपना पूरा होने जा रहा है। इस मौके पर शाह ने जनता को संबोधित भी किया। आइए, देखें शाह ने अपने संबोधन में क्या-क्या कहा:
Live updates : Amit Shah Bihar Visit LIVE
- August 08, 2025 3:49 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं: अमित शाह
अमित शाह ने कहा, 'विधानसभा चुनाव के पहले मतदाता सूची से घुसपैठियों को निकालना चाहिए या नहीं? जो भारत में जन्मा नहीं है, उसको भारत में वोट देने का अधिकार हमारा संविधान नहीं देता है। राहुल बाबा, आप संविधान लेकर घूम रहे हो, उसको खोलकर तनिक पढ़ भी लो। ये एनआरसी का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं। मुझे स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है कि यहां आने वाले दिनों में पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने वाली है।'
- August 08, 2025 3:49 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'मैं तो बनिए का बेटा हूं, एक-एक हिसाब लेकर आया हूं'
अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं तो बनिए का बेटा हूं, एक-एक हिसाब लेकर आया हूं। मोदी जी ने पिछले 6 दौरे में 83000 करोड़ रुपए बिहार के विकास के लिए दिए हैं। मैं यहां से तेजस्वी यादव को पूछने आया हूं कि आपके माता-पिता का कई साल शासन रहा, गुंडई करने, गैंग चलाने, अपहरण और फिरौती के अलावा मिथिलांचल के विकास के लिए क्या किया? इसका हिसाब दो। आप मेरा हिसाब मांग रहे थे, मैंने पाई-पाई का हिसाब दे दिया। लालू जी, यदि कुछ किया हो तो इसी मैदान में आकर बता दीजिएगा, और माता जानकी के मंदिर में दर्शन भी कीजिएगा, तो उपकार होगा।'
- August 08, 2025 3:46 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
आपके परनाना नेहरू जी ने इसकी शुरुआत की थी: अमित शाह
अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'घुसपैठियों को मतदाता सूची से निकालना चाहिए या नहीं? एनआरसी करना चाहिए या नहीं करना चाहिए? मुझे लालू प्रसाद बताएं, किसको बचाना चाहते हो? चुनाव आयोग ने जो पहली सूची जारी की, आपकी पार्टी ने उस पर एक भी आपत्ति नहीं दी। बचाना किसको चाहते हो? जो बांग्लादेश से आकर बिहार के युवाओं की नौकरी छीन लेते हैं? मैं राहुल जी को भी कहना चाहता हूं, मतदाता शुद्धिकरण पहली बार नहीं हो रहा है। आपके परनाना नेहरू जी ने इसकी शुरुआत की थी, और अंत में 2003 में यह प्रक्रिया हुई। अब आप चुनाव हारते जा रहे हैं, इसलिए पहले से ही बिहार चुनाव हारने का एक कारण लोगों को बता रहे हैं। कल लालू जी की पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, कि अमित शाह आ रहे हैं तो जवाब देकर जाएं कि मिथिलांचल के लिए क्या करेंगे?'
- August 08, 2025 3:44 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'मोदी जी को आतंकवादियों को जवाब देना चाहिए या नहीं?'
अमित शाह ने कहा, 'मोदी जी ने 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाया, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाया, उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर बनाया, सोमनाथ का मंदिर फिर से सोने का बन रहा है। आज उनके ही आशीर्वाद से यहां मां सीता का भव्य मंदिर और पूरा परिसर बन रहा है। कांग्रेस के समय देशभर में बम धमाके होते थे और आतंकी पाकिस्तान भाग जाते थे, कोई पूछने वाला नहीं था। उरी में हमला हुआ तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक किया, पुलवामा में हुआ तो हमने एयर स्ट्राइक किया, पहलगाम में हुआ तो ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों का सफाया किया। लेकिन लालू एंड कंपनी और कांग्रेस पार्लियामेंट में ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर रहे थे। मैं मिथिलांचल के लोगों से पूछना चाहता हूं, मोदी जी को आतंकवादियों को जवाब देना चाहिए या नहीं?'
- August 08, 2025 3:41 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'यह सिर्फ मंदिर नहीं है, बल्कि मिथिलांचल और बिहार के भाग्योदय की शुरुआत है'
अमित शाह ने कहा, 'पहले जब लालू जी रेल मंत्री थे, तब बिहार के रेल के विकास के लिए हर साल 1132 करोड़ रुपए खर्च करते थे, और मोदी जी ने सिर्फ 2025-26 में 10066 करोड़ रुपए का खर्च रेल के लिए किया। मैं मिथिलांचल के लोगों से कह रहा हूं कि यह सिर्फ मंदिर नहीं है, बल्कि मिथिलांचल और बिहार के भाग्योदय की शुरुआत है। शारदा सिन्हा जी को 2018 में पद्म भूषण और 2025 में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। अटल जी ने मैथिली को आठवीं अनुसूची में समावेश किया, और मोदी जी ने वैश्विक मंच पर मिथिला की कला को आगे बढ़ाया। अर्जेंटीना और दक्षिण कोरिया के उपराष्ट्रपति को मिथिला पेंटिंग भेंट कर मिथिलांचल को आगे बढ़ाया।'
- August 08, 2025 3:36 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'भूमि पूजन में मां जानकी ने बारिश भेजकर आशीर्वाद देने का कार्य किया'
अमित शाह ने कहा, 'पूरे देश और दुनिया के लिए आज शुभ अवसर है कि मां जानकी का जन्म हुआ। पुनौरा धाम मंदिर परिसर के समग्र विकास की नींव रखने का कार्य हुआ है। नीतीश जी ने सैकड़ों करोड़ रुपये से इसका विकास करने का जो कार्य शुरू किया है, यह न केवल मिथिलांचल और बिहार, बल्कि पूरे देश के भक्तों के लिए आनंद की बात है। यहां वर्षों पहले रामायण काल में अकाल के निवारण के लिए राजा जनक ने भूमि में सोने का हल चलाया था, और वहीं से मां जानकी प्रकट हुई थीं। बारिश के लिए हल चलाया गया था, और आज भूमि पूजन में भी मां जानकी ने बारिश भेजकर आशीर्वाद देने का कार्य किया। 890 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का विकास होगा, जिसमें से 728 करोड़ रुपये परिक्रमा पथ और अन्य संरचनाओं पर खर्च होंगे।'
- August 08, 2025 3:24 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
भारत की संस्कृति में मां सीता का स्थान अनन्य है: अमित शाह
अमित शाह ने बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता की जन्मस्थली पुनौराधाम मंदिर एवं परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का भूमिपूजन करने के बाद कहा, 'भारत की संस्कृति में मां सीता का स्थान अनन्य है। मां सीता ने एक ही जन्म में आदर्श मां, पत्नी और बेटी का स्वरूप दिखाया है। आज बिहार ही नहीं पूरे देश के लिए खुशी का दिन है।'
- August 08, 2025 2:29 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
अमित शाह ने किया माता सीता मंदिर का शिलान्यास
गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में माता सीता मंदिर का शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ सीएम नीतीश भी मौजूद रहे। 882 करोड़ की लागत से 11 महीनों में यह भव्य धाम बनकर तैयार होगा।
- August 08, 2025 2:24 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सीतामढ़ी पहुंचे अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सीतामढ़ी पहुंच गए हैं। उनको देखने और सुनने के लिए लोगों की भीड़ जुटी है।
- August 08, 2025 1:59 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
हेलीकॉप्टर से पुनौरा धाम रवाना हुए अमित शाह
अमित शाह विशेष विमान से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे और फिर हेलीकॉप्टर से सीतामढ़ी के पुनौरा धाम रवाना हुए। दरभंगा एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत हुआ। इस दौरान बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जयसवाल, समेत कई बीजेपी कार्यकर्ता ने स्वागत किया। इसके बाद वह दिलीप जयसवाल के साथ हेलीकॉप्टर से सीतामढ़ी के पुनौरा धाम रवाना हो गए।
- August 08, 2025 1:19 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
पुनौरा धाम के लिए रवाना हुए नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी
बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पुनौरा धाम के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए। आज सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर का भव्य शिलान्यास होगा।
- August 08, 2025 12:36 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
शाह के दौरे से पहले प्रशांत किशोर का बड़ा हमला
अमित शाह के बिहार दौरे से ठीक पहले प्रशांत किशोर ने बड़ा अटैक किया है। प्रशांत किशोर ने सीधा सवाल दागा है कि हरियाणा में बिहार के लड़के के साथ जुल्म हुआ, बंधुआ मजदूरी कराई गई और हाथ कट गया। अमित शाह बताएं कि हरियाणा कि बीजेपी सरकार ने अब तक क्या एक्शन लिया है। बिहार को लेकर बड़ी बड़ी बातें कर रहे हैं लेकिन बिहार के गरीब बच्चे के न्याय के लिए क्या कदम उठाए गए हैं, ये अमित शाह को बताना चाहिए।
- August 08, 2025 12:35 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
बिहार में धार्मिक पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
आज बिहार को लोगों की लंबे वक्त से चली आ रही डिमांड पूरी होने जा रही है। पुनौरा धाम पूर्ण रूप से तीर्थ स्थल के रूप में विकसित होने से बिहार में धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर तेजी से बढेंगे। गृह मंत्री अमित शाह आज इसका शिलान्यास करने वाले हैं। चुनावी माहौल के बीच मंदिर के शिलान्यास ने सियासी माहौल भी गर्म कर दिया है।
- August 08, 2025 12:34 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
जानकी मंदिर के शिलान्यास पर RJD ने उठाए सवाल
जानकी मंदिर के शिलान्यास पर RJD ने सवाल उठाए हैं। RJD नेता संजय यादव ने कहा है कि सरकार को चुनाव को वक्त ही मंदिर याद क्यों आया। जबकि तेजस्वी जब बिहार के पर्यटन मंत्री थे तब उन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव कैबिनेट से पास कराया था।
- August 08, 2025 12:33 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
अमित शाह आज सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन उत्तर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच सीधी और किफायती कनेक्टिविटी देगी। यह ट्रेन रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, लखनऊ और कानपुर जैसे बड़े स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
- August 08, 2025 12:31 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
11 महीनों में तैयार होगा मंदिर
पुनौरा धाम हिंदुओं के लिए बहुत पवित्र तीर्थ स्थल है। यहां बनने वाला यह मंदिर परिसर 67 एकड़ भूमि में फैला होगा और इसे सिर्फ 11 महीनों में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी मॉनिटरिंग बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम करेगा। मंदिर निर्माण का काम शिलान्यास के बाद रफ्तार से शुरू कर दिया जाएगा।
- August 08, 2025 12:30 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
थोड़ी देर में सीतामढ़ी पहुंचेंगे अमित शाह
अब से कुछ देर में अमित शाह बिहार के सीतामढ़ी पहुंचेंगे। पुनौरा धाम में वह मां जानकी मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद रहेंगे। ये मंदिर 882 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बनेगा।