1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीरज कुमार के डिस्चार्ज पर अनंत सिंह बोले- "पहले ही बोले 2 दिन में घूमकर आ जाएंगे", चुनाव पर दावा- "जनता का वोट है, हम जीतेंगे"

नीरज कुमार के डिस्चार्ज पर अनंत सिंह बोले- "पहले ही बोले 2 दिन में घूमकर आ जाएंगे", चुनाव पर दावा- "जनता का वोट है, हम जीतेंगे"

नीरज कुमार को पटना के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उनके डिस्चार्ज होने पर जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि पहले ही दो दिनों में ठीक होकर लौटने की बात कही थी।

Anant singh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अनंत सिंह

बिहार के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU और NDA के प्रत्याशी नीरज कुमार की सेहत में सुधार हुआ है। उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हार्ट की बीमारी से जूझ रहे नीरज कुमार पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनके अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव से पहले यह घटनाक्रम अहम माना जा रहा है।

अनंत सिंह ने जीत का किया दावा

एमएलसी चुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है। इस बीच, जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने चुनाव को लेकर जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा, "हम कह दिए हैं कि जीतेंगे।" उन्होंने कहा, "जनता भगवान है, जनता का वोट है, दुकान से तो वोट लाना नहीं है, हम जीतेंगे।" नीरज कुमार के अस्पताल से वापस आने पर अनंत सिंह ने कहा, "टोटका किए हुए थे, हम तो पहले ही बोले थे कि 2 दिन में घूमकर आ जाएंगे। लेकिन इस सबसे कुछ नहीं होगा।"

"अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे, दो घंटा बाद आ जाएंगे"

इससे पहले भी मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर निशाना साधा था। नीरज कुमार के हार्ट अटैक के बाद पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती होने को लेकर अनंत सिंह ने कहा था कि यह उनकी पुरानी आदत है। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ पर पैसा भेजना होगा तो बीमार हो जाएंगे, अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे, फिर दो घंटा बाद आ जाएंगे, ठीक हो जाएंगे।

बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध कर रहे थे और जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दोनों के बीच मतभेद दूर करने की कोशिश की थी, लेकिन अनंत सिंह का रुख नहीं बदला।

वहीं, चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में दर्ज एफआईआर पर अनंत सिंह ने कहा था, "क्या होगा? एफआईआर हो गया तो बेल कराएंगे।" दरअसल, अनंत सिंह और जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के खिलाफ बाढ़ और मोकामा थानों में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। आरोप है कि रोड शो के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक गाड़ियों और जेसीबी का इस्तेमाल किया गया।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली-NCR की हवा हुई खराब? सीजन में पहली बार GRAP-1 लागू

स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर महिलाओं के प्रति व्यवहार को लेकर तीखा हमला, बोलीं- "ओछी बातें करते हैं"