1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है', MLC चुनाव के बीच अनंत सिंह का बड़ा बयान; नीतीश कुमार को लेकर कही ये बात

'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है', MLC चुनाव के बीच अनंत सिंह का बड़ा बयान; नीतीश कुमार को लेकर कही ये बात

MLC चुनाव को लेकर मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने कहा कि उनके उम्मीदवार की जीत होगी। इस बार रसगुल्ला नहीं बनवाया गया है। क्योंकि ये चुनाव रसगुल्ला वाला नहीं है।

 विधायक अनंत सिंह- India TV Hindi
Image Source : REPORTER विधायक अनंत सिंह

पटनाः बिहार में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों (MLC) की आठ सीटों के लिए मतदान जारी है। इस  MLC चुनाव के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वे इस बार रसगुल्ला नहीं बनवा रहे हैं। जब पत्रकारों ने अनंत सिंह से पूछा क्या इस बार भी रसगुल्ला बनवाया गया है तो इसका जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि 'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है'। 

अनंत सिंह ने बताई रसगुल्ला नहीं बनवाने की वजह

अनंत सिंह ने कहा कि ये चुनाव रसगुल्ला वाला नहीं है। तीन जिला में रसगुल्ला ले जाने में गाड़ी का किराया ही बहुत लग जाएगा। बहुत लंबी दूरी है। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के 600 लोग आते थे। यह चुनाव क्षेत्र बहुत दूर तक फैला हुआ है। तीन जिलों में रसगुल्ला भेजने के लिए गाड़ी का किराया ही ज्यादा हो जाएगा। 

नीतीश कुमार को बताया अपना गुरु

 जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के घर नीतीश कुमार के जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें जहां ले जाया जाता है, वहां वे जाते हैं। नीतीश कुमार हमारे गुरु जी हैं। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को जो जहां ले जाता है, वे वहां चले जाते हैं। 

अनंत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक है। उन्हें उम्मीद है कि उनके उम्मीदवार की जीत होगी। गड़बड़ी से जुड़े सवाल पर विधायक ने कहा कि अगर कोई गलत करेगा तो जनता जवाब देगी। उन्हें उम्मीद है कि कोई गड़बड़ी नहीं होगी। 

यहां देखें वीडियो

नीरज कुमार ने किया जीत का दावा

वहीं, जेडीयू उम्मीदवार ​नीरज कुमार ने कहा कि इस सीट पर जेडीयू के व्यापक जनाधार और संगठन के आगे किसी अन्य दल या निर्दलीय प्रत्याशी का कोई ठोस वजूद या प्रभाव नहीं बचा है। ऐसे में चुनावी आंकड़े और मतदाताओं का रुझान साफ दर्शाते हैं कि विपक्षी खेमे की करारी हार पूरी तरह तय है।  

​अनंत सिंह पर कार्रवाई के संकेत

अपनी जीत के विश्वास के साथ-साथ जेडीयू प्रत्याशी ने पार्टी लाइन से बाहर जाकर विरोध कर रहे मोकामा विधायक अनंत सिंह के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया है। नीरज कुमार ने सख्त संकेत दिए कि पार्टी विरोधी गतिविधियों, अनुशासनहीनता और आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ दुष्प्रचार करने के मामले को पार्टी नेतृत्व ने बेहद गंभीरता से लिया है।  

नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं अनंत सिंह

बता दें कि कि पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह खुलकर पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। अनंत सिंह ने अपने करीबी और जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह को मतदान की अपील कर रहे हैं और उनको जिताने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसलिए यह मुकाबला राज्यभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, जेडीयू संगठन पूरी मुस्तैदी के साथ नीरज कुमार के पक्ष में लामबंद है और मतदाताओं के बीच अपनी विकास नीतियों के दम पर लगातार बढ़त बनाए रखने का दावा कर रहा है। 

ये भी पढ़ेंः MLC Election Live: मोकामा में मतदान के दौरान दो पक्षों में झड़प, 28 सीटों पर वोटिंग जारी, कब आएंगे नतीजे?