बिहार के गया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महिला थाना ही अखाड़ा बन गया है। गया के महिला थाने में सुलह कराने पहुंचे परिजनों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। यहां सास-बहू में जमकर हाथापाई हुई और हेलमेट से मारा-मारी देखने को मिली। इस घटना में सास गंभीर रूप से घायल हो गई है। आइए जानते हैं कि अब तक इस पूरी घटना के बारे में क्या जानकारी सामने आई है।
क्या है पूरा मामला?
गया शहर के महिला थाने में सोमवार को उस वक्त अचानक अफरा-तफरी मच गई जब पारिवारिक विवाद सुलझाने आए सास और बहू के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच दे दना दन हाथापाई होने लगी, हेलमेट से भी मारपीट की गई, जिससे थाना परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
क्यों हुई लड़ाई?
चंदौती थाना क्षेत्र के बहादुर बीघा में एक पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों को महिला थाने में बुलाया गया था। पुलिस की मौजूदगी में बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर सास और बहू के बीच बहस तेज हो गई और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों आपा खो बैठीं।
पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की
जानकारी के अनुसार, पहले तीखी नोकझोंक हुई, फिर अचानक दोनों एक-दूसरे पर टूट पड़ीं। इस दौरान वहां मौजूद परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक स्थिति नियंत्रण से बाहर रही। बाद में महिला थाना पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया। थाना परिसर में हुई इस घटना से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया जिसके बाद पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया। घटना में सास गंभीर रूप से घायल हो गई है। (रिपोर्ट: अजित कुमार)
ये भी पढ़ें- ₹4 लाख के लिए माता-पिता ने पॉक्सो केस में झूठी गवाही दिलाई, बालिग होते ही लड़की ने सब की पोल खोल दी
बारात निकलने से पहले हवालात पहुंच गया दूल्हा, मटकोर की रात चचेरे भाई को मार दी गोली; जानें क्या थी वजह