सुपौल: जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 13 लतौना में जमीनी विवाद ने उस समय बड़ा मोड़ ले लिया,जब शादी के दिन ही दूल्हा पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने दूल्हे को अरेस्ट कर जेल भेज दिया। आरोप है कि मटकोर की रात उसने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी थी।
जमीनी विवाद में मारी थी गोली
दरअसल, रविवार की देर रात जमीनी विवाद को लेकर गोलीबारी और मारपीट की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजनों के सहयोग से अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। जख्मी की पहचान लतौना वार्ड 13 निवासी योगेन्द्र यादव के पुत्र रंजीत कुमार (40) के रूप में हुई है।
एक साल से चल रहा था विवाद
घटना के संबंध में घायल के परिजनों ने बताया कि गोतिया के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा था। कई बार ग्रामीण स्तर पर पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया। हाल के दिनों में भी मामला फिर थाना पहुंचा, लेकिन फैसला नहीं हो पाया। परिजनों ने बताया कि आरोपी पक्ष अपने दावों के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाया।
घर जाकर की मारपीट
परिजनों ने बताया कि रविवार की देर रात पांच-सात की संख्या में बदमाश दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लाइट बंद कर दी और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने गोलीबारी की, जिसमें एक गोली रंजीत कुमार के कमर में लग गई। जख्मी के अनुसार गोली उसे मनखुश कुमार और दिलखुश कुमार ने मारी है, जो जख्मी के रिश्तेदार हैं।
घायल का इलाज जारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ विभाष कुमार, थानाध्यक्ष राकेश कुमार व पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंच कर जख्मी व उनके परिजन से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर बीएन पासवान ने बताया कि घायल रंजीत कुमार की स्थिति गंभीर है। गोली कमर के पास लगी और शरीर के अंदर ही फंसी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि यह घटना आपसी जमीनी विवाद के कारण हुई है, जिसमें एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
एसडीपीओ के निर्देश पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी मनखुश कुमार गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जांच व कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घायल रंजीत कुमार के पिता के शिकायत पर 5 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। मुख्य आरोपी मनखुश कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेजा गया है। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है।
आज होने वाली थी आरोपी की शादी
बताया जा रहा है कि पुलिस ने जिस आरोपी मनखुश को गिरफ्तार किया है, उसकी शादी सोमवार को होने वाली थी। मनखुश बारात लेकर लतौना से थाना क्षेत्र के करमनिया अपनी दुल्हनिया से शादी रचाने जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही गोली चलाने के आरोप में वह हवालात पहुंच गया। (इनपुट- संत सरोज)
यह भी पढ़ें-
नालासोपारा में 40 फीट गहरे कुएं में गिर गई कार, फिर भी कैसे बच गई जान, जानिए