उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए इस बार दशहरा सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि खेती से जुड़ी राहत भी लेकर आया है। राज्य सरकार ने किसानों को कृषि मशीनरी खरीदने पर सब्सिडी देने का बड़ा ऐलान किया है। इसके तहत अलग-अलग योजनाओं के जरिए हजारों कृषि मशीनों पर आर्थिक मदद दी जाएगी। किसान 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और खेती की लागत कम करने के लिए कृषि मशीनरी पर सब्सिडी देने का फैसला किया है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक (कृषि अभियंत्रण) बलराम वर्मा के मुताबिक, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत 2,166 कृषि मशीनों पर सब्सिडी दी जाएगी। इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़ी योजना के तहत भी 1,755 कृषि मशीनों पर आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे किसानों को खेती के काम में आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
कस्टम हायरिंग सेंटर और मशीनरी बैंक पर भी फायदा
सरकार की योजना सिर्फ व्यक्तिगत किसानों तक सीमित नहीं है। इसके तहत कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने के लिए भी सब्सिडी दी जाएगी। इन दोनों के लिए 10-10 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। इसके अलावा किसान ड्रोन और अन्य कृषि मशीनरी के लिए भी योजना के तहत लाभ ले सकते हैं। फसल अवशेष प्रबंधन के तहत व्यक्तिगत कृषि मशीनों और कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 30 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान बताया गया है।
मक्का और फसल सुरक्षा उपकरणों पर भी मदद
सरकार ने अलग-अलग कृषि योजनाओं को भी इस अभियान से जोड़ा है। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मक्का शेलर और मिलेट पार्लर के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं कीट एवं रोग नियंत्रण योजना के तहत किसानों को पौध संरक्षण उपकरण उपलब्ध कराने के लिए सब्सिडी दी जाएगी।
7 से 20 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलेगी। किसान कृषि विभाग के पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर Kisan Corner में मौजूद “Yantra Booking Prarambh” विकल्प पर क्लिक करके मशीन की बुकिंग और आवेदन किया जा सकता है। किसानों को इसी पोर्टल पर मशीनों की जानकारी, सब्सिडी की प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी भी मिलेगी।
इनपुट- PTI
यह भी पढ़ें- मजदूरों के लिए खुशखबरी: 1 अक्टूबर से बढ़ गई न्यूनतम मजदूरी, सरकार ने वेरिएबल महंगाई भत्ते में किया संशोधन