1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नालासोपारा में 40 फीट गहरे कुएं में गिर गई कार, फिर भी कैसे बच गई जान, जानिए

नालासोपारा में 40 फीट गहरे कुएं में गिर गई कार, फिर भी कैसे बच गई जान, जानिए

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 20, 2026 05:39 pm IST,  Updated : Apr 20, 2026 05:39 pm IST

महाराष्ट्र के नालासोपारा में एक कार अनियंत्रित होकर 40 फीट गहरे कुएं में गिर गई। हालांकि आनन-फानन में दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कार सवार दो लोगों की जान बचा ली गई।

कुएं में गिरी कार।- India TV Hindi
कुएं में गिरी कार। Image Source : REPORTER INPUT

पालघर: नाशिक जिले के दिंडोरी में खेत के एक कुएं में कार गिरने की ताजा घटना के बाद अब पालघर जिले के नालासोपारा में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक कार के कुएं में गिरने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि दमकल विभाग के जवानों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिससे कार में सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार सवार लोगों को कुएं के अंदर से रेस्क्यू करते हुए देखा जा सकता है। 

संतोषी माता मंदिर के पास हुआ हादसा

दरअसल, यह घटना नालासोपारा पूर्व क्षेत्र के वालईपाड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर के पास हुई। दोपहर में एक सेंट्रो कार चालक का नियंत्रण छूटने से कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरी। कार में चालक और उसका एक साथी सवार था। कार के कुएं में गिरने की तेज आवाज सुनते ही आसपास के नागरिक मदद के लिए दौड़ पड़े। पूर्व नगर सेवक सचिन देसाई ने तुरंत वसई-विरार महानगरपालिका के दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और कुएं में सीढ़ी उतारी।

कार सवार लोगों को किया गया रेस्क्यू

वहीं करीब 30 से 40 फीट गहरे कुएं में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षा बेल्ट की मदद से बाहर निकाला गया। कुएं में गिरने से दोनों घायल हो गए थे, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल गर्मी के दिनों के कारण कुएं का जलस्तर काफी नीचे था। कुएं में पानी नहीं होने से कार डूबी नहीं और बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया, ऐसी प्रतिक्रिया स्थानीय नागरिकों ने दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को कुएं के अंदर देखा जा सकता है। वहीं दमकल विभाग ने कार सवार लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। (इनपुट- हनीफ)

यह भी पढ़ें-

रिलायंस कम्युनिकेशंस लोन फ्रॉड केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो सीनियर अधिकारी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।