पटनाः बिहार सरकार ने आरजेडी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया है। 10 सर्कुलर रोड पर स्थित यह सरकारी आवास अब बिहार के पशुपालन, मत्स्य और डेयरी संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है।
39 हार्डिंग रोड होगा राबड़ी का नया ठिकाना
जानकारी के मुताबिक, भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड खाली करने का फिर से नोटिस दिया है। विभाग पहले भी राबड़ी को नोटिस दे चुका है। राबड़ी देवी को विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष के तौर पर 39 हार्डिंग रोड अलॉट किया गया है। राबड़ी देवी अभी जिस 10 सर्कुलर रोड आवास में रह रही हैं उसे बिहार सरकार के डेयरी, पशु एवं मत्स्य मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है।
पटना के पॉश इलाके में है नया आवास
भवन निर्माण विभाग की तरफ से नोटिस के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के स्थान पर राबड़ी देवी को पटना के पॉश हार्डिंग रोड इलाके में एक नया सरकारी बंगला आवंटित किया है। इस बंगले को पूर्व मुख्यमंत्रियों पर लागू होने वाली सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आधिकारिक प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी तरह से तैयार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मंत्री पदों के लिए आधिकारिक आवासों की निर्धारित श्रेणियां होती हैं, जिसके तहत 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला अब मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। विभाग ने यह भी बताया कि मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के आधिकारिक आवासों से जुड़े इसी तरह के फेरबदल पहले भी होते रहे हैं।
लंबे समय से राबड़ी 10 सर्कुलर रोड में रह रही हैं
बता दें कि 10 सर्कुलर रोड पर स्थित सरकारी बंगला लंबे समय से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव से जुड़ा रहा है। इस बंगले का बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में लंबे समय से एक विशेष स्थान रहा है। यह बंगला आरजेडी की रणनीतिक बैठकों और राजनीतिक योजना का प्रमुख केंद्र रहा है।
ये भी पढ़ेंः बिहार में शनिवार को आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग की ये एडवाइजरी आपके बहुत काम आएगी
बिहार: बीजेपी प्रदेश कमिटी में 38 नेता, इनमें 14 उपाध्यक्ष, कई पूर्व विधायकों को भी मिली जगह