पटनाः बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कई जिलों में आंधी के साथ बारिश देखने को मिली। पटना और गयाजी जिलों में 107 और 74 किमी की रफ्तार से आंधी चली। आंधी-तूफान से कई जगहों पर पेड़ गिर गए और जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में बारिश और आंधी-तूफ़ान का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आंधी के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगुसराय, जमुई, बांका, खगड़िया और भागलपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
कई जिलों में 60-90 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने पुर्वानुमान के अनुसार, बांका और भागलपुर ज़िलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तेज़ हवाएं (80-90 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि मेघगर्जन, वज्रपात और वर्षा से जान-माल एवं पशु की हानि की संभावना है। आंधी से झुग्गी झोपड़ी और पेड़ गिरने से नुकसान हो सकता है। भारी बारिश के दौरान जलभराव हो सकता है।
मौसम विभाग ने दी ये सलाह
इस मौसम को देखते हुए लोगों से आग्रह है कि वे सतर्क और सावधान रहें। ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। बिजली या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें। घर में रहे। खिड़कियों और दरवाजे बंद करें और यदि संभव हो लो यात्रा से बचें। पक्के अथवा सुरक्षित मकानों में आश्रय लें।
शुक्रवार को कई जिलों में हुई बारिश
पटना में आसमान पर काले बादल छा गए और शहर के कई हिस्सों में तेज़ हवाएं चलीं। खगड़िया, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा और सीवान में भी बारिश हुई। भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। बक्सर में घने काले बादलों ने सुबह के समय ही अंधेरा जैसा माहौल बना दिया, जिसके बाद ज़िले में ज़ोरदार बारिश हुई।
वज्रपात से सात लोगों की मौत
बिहार में शुक्रवार को वज्रपात से सात लोगों की मौत हो गई। औरंगाबाद में दो, गया में तीन, सारण में एक और खगड़िया में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान मृतक के परिजनों को देने का निर्देश दिया है।