बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर ही विवाद शुरू हो गया है। पार्टी के चर्चित विधायक अनंत सिंह ने सोमवार को ऐलान कर दिया है कि वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे। अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा सदस्य नीरज कुमार को हराने का संकल्प लिया है। उनके इस कदम के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। अब जानकारी सामने आई है कि नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद की खबर जदयू के प्रमुख और बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार तक पहुंच गई है।
नीतीश से मिले मंत्री श्रवण कुमार
सामने आई जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद की खबर नीतीश कुमार तक पहुंच गई है। राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद कहा- "हमने पूरी बात नीतीश कुमार के संज्ञान में डाल दी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के संज्ञान में बात आई है। यह नहीं होना चाहिए लेकिन ऐसा हो रहा है। पार्टी के बड़े नेता इस पर निर्णय लेंगे। क्या निर्णय लिया जाएगा वह बताया जाएगा। जेडीयू चाहे लोकसभा, विधानसभा या काउंसिल का चुनाव लड़े, जो भी चुनाव लड़ा जाता है उसमें सभी पार्टी अपना उम्मीदवार खड़ा करती है। जनता जो जनादेश देती है उसका सब स्वागत करते हैं।
अनंत सिंह ने क्या कहा?
दरअसल, बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से विधायक अनंत सिंह ने अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था। यहां उन्होंने ऐलान किया है कि वह एमएलसी चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे। अनंत सिंह ने कहा- "नीरज कुमार ने कभी मेरे खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह आरसीपी सिंह खेमे में भी थे, जिसने मेरे मोकामा स्थित घर में हथियार और विस्फोटक छिपाकर मेरे खिलाफ साजिश रची थी।''
अनंत सिंह ने आगे कहा- ''मैंने एक पंडित से सलाह ली है। उन्होंने एक अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने के लिए शुभ तिथि बताई है। उस दिन मैं अनुज सिंह के साथ रहूंगा और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके लिए प्रचार भी करूंगा।''
ये भी पढ़ें- रामवचन राय बने बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति, अवधेश नारायण सिंह ने दिया इस्तीफा
जन सुराज ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बदला प्रत्याशी, अब श्याम नंदन यादव को बनाया MLC उम्मीदवार