1. Hindi News
  2. बिहार
  3. क्या RJD के सांसद भी टूटेंगे? अभय कुशवाहा ने की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात, सियासी अटकलें तेज

क्या RJD के सांसद भी टूटेंगे? अभय कुशवाहा ने की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात, सियासी अटकलें तेज

बिहार की औरंगाबाद सीट से राजद के सांसद अभय कुशवाहा ने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद से बिहार में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला।

RJD MP Abhay Kushwaha meeting with CM Samrat Chaudhary- India TV Hindi
Image Source : X (@SAMRAT4BJP)/ANI सम्राट चौधरी से मिले राजद के सांसद।

बिहार की राजनीति में अटकलों का दौर बढ़ गया है। दरअसल, लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद अभय कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। आपको बता दें कि अभय कुशवाहा बिहार की औरंगाबाद लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने बुधवार को सीएम सम्राट चौधरी से उनके आवासा पर जाकर मुलाकात की है। इस मुलाकात की तस्वीर और खबर सामने आने के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

क्यों हुई मुलाकात?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और औरंगाबाद लोकसभा सीट से राजद के सांसद अभय कुशवाहा की मुलाकात को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय का बयान सामने आया है। सीएम ऑफिस ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है। वहीं, इस मुलाकात को लेकर राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा- "यह महज एक शिष्टाचार मुलाकात थी। इसके राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिए। सांसद अभय कुशवाहा अपने संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने गए थे।"

कई पार्टियों में हुई टूट

दूसरी ओर जानकार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद सांसद अभय कुशवाहा की मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट नहीं बता रहे हैं। आपको बता दें कि बीते कुछ समय में कई विपक्षी दलों के सांसदों में टूट देखने को मिली है। पहले पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने पार्टी से बगावत कर दी थी। वहीं, महाराष्ट्र में भी उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के 6 सांसद भी पार्टी से अलग हो गए। माना जा रहा है कि ये सभी सांसद NDA को समर्थन दे सकते हैं। 

सम्राट चौधरी और अभय कुशवाहा की मुलाकात के बाद बिहार में भविष्य के राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। आपको बता दें कि अभय कुशवाहा RJD से पहले NDA के घटल दल जदयू के नेता रह चुके हैं। इसके बाद वह राजद में शामिल हुए थे। बिहार में राजद के पास कुल 4 लोकसभा सांसद हैं। इनमें शामिल हैें-:

  • मीसा भारती- पाटलिपुत्र लोकसभा सीट
  • सुधाकर सिंह- बक्सर लोकसभा सीट
  • अभय कुशवाहा- औरंगाबाद लोकसभा सीट
  • सुरेंद्र प्रसाद यादव- जहानाबाद लोकसभा सीट

(इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- AI सेंटर, रोपवे कंपनी, महिला पुलिस को स्कूटर... बिहार कैबिनेट में 25 बड़े फैसलों पर लगी मुहर

CM सम्राट चौधरी की बड़ी सौगात, बिहार के 211 कॉलेजों में पढ़ाई हुई शुरू; गांव के पास ही पढ़ेंगे युवा