बिहार के सुपौल जिले से सुबह-सुबह एक बड़ी खबर सामने आ आई है। यहां जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड 10 में बीती देर रात आयोजित एक श्राद्ध भोज के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद 150 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी बीमार लोगों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और सभी खतरे से बाहर हैं।
भोज में शामिल हुए थे 500 लोग
जानकारी के अनुसार, मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड 10 निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के श्राद्ध कर्म के अवसर पर भोज का आयोजन किया गया था। भोज में लगभग 500 लोग शामिल हुए थे। ग्रामीणों ने बताया कि भोजन के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली पाई गई। इसके बाद भोज में शामिल कई लोगों, विशेषकर बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
गांव में अफरा-तफरी का माहौल
भोज खाने के बाद बच्चों में पेट दर्द, सिर दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायतें सामने आने लगीं। वहीं कुछ वयस्क लोगों ने चक्कर आने और घबराहट की शिकायत की। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल बीमार लोगों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। त्रिवेणीगंज बीडीओ अभिनव भारती भी अस्पताल पहुंचे और मरीजों की स्थिति का जायजा लिया।
दाल में छिपकली मिलने का वीडियो वायरल
अस्पताल के प्रभारी सुपरिटेंडेंट डॉ इन्द्रदेव यादव ने बताया कि श्राद्ध भोज के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली पाए जाने के बाद लोगों में भय और आशंका का माहौल बन गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 150 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सभी मरीजों की हालत स्थिर है और कोई भी खतरे की स्थिति में नहीं है।
बीडीओ अभिनव भारती ने बताया कि दतुआ गांव में आयोजित भोज में भोजन दूषित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जिन लोगों, खासकर बच्चों को पेट दर्द और अन्य समस्याएं हुईं, उन्हें परिजन अस्पताल लेकर आए। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी प्रभावित लोगों का समुचित इलाज कराया जा रहा है।
(रिपोर्ट- संत सरोज)
यह भी पढ़ें-
नालंदा में इंसानियत शर्मसार! हॉस्पिटल के बाथरूम की सीट पर फेंकी गई 2 दिन की नवजात, CCTV खंगाल रही पुलिस
मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग, लव मैरिज से नाराज परिवार ने की बेटी की हत्या, जलाया शव