1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग, लव मैरिज से नाराज परिवार ने की बेटी की हत्या, जलाया शव

मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग, लव मैरिज से नाराज परिवार ने की बेटी की हत्या, जलाया शव

 Published : Jun 20, 2026 02:41 pm IST,  Updated : Jun 20, 2026 02:42 pm IST

मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है जहां अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर शव जलाया। पति ने सोशल मीडिया के जरिए लगाई न्याय की गुहार। जानें पूरा मामला।

मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग, लव मैरिज से नाराज परिवार ने की बेटी की हत्या- India TV Hindi
मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग, लव मैरिज से नाराज परिवार ने की बेटी की हत्या Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से ऑनर किलिंग की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने अपनी ही 21 वर्षीय बेटी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, गुनाह पर पर्दा डालने के लिए आरोपियों ने आनन-फानन में युवती के शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे ले जाकर जला दिया। यह खौफनाक मामला तब उजागर हुआ जब मृतका के पति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

18 जनवरी को हुई थी शादी 

मृतका की पहचान 21 वर्षीय सुजाता कुमारी के रूप में हुई है। सुजाता सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के घोषौत निवासी गौरी शंकर कुमार से प्यार करती थी। दोनों के बीच पिछले 6 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अलग-अलग जाति से होने के कारण लड़की के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। विरोध के बावजूद, बीते 18 जनवरी को दोनों ने समस्तीपुर में भागकर शादी कर ली और हरियाणा चले गए। इसके बाद सुजाता के परिजनों ने सिवाईपट्टी थाने में गौरी शंकर के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। अपहरण की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को हरियाणा से बरामद किया था। कोर्ट में पेशी के दौरान सुजाता ने साहसिक कदम उठाते हुए मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से गौरी शंकर से शादी की है, इसलिए वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है। हालांकि, इस कानूनी प्रक्रिया के दौरान गौरी शंकर को जेल जाना पड़ा, जिसके बाद सुजाता अपनी मौसी के घर रहने लगी थी।

होली में घर लाई थी मां, 31 मार्च से थी लापता 
पीड़ित पति गौरी शंकर का आरोप है कि होली के दौरान सुजाता की मां उसे समझा-बुझाकर अपने घर ले आई थी। जेल से छूटने के बाद गौरी शंकर की सुजाता से आखिरी बार 31 मार्च को बातचीत हुई थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पत्नी के अचानक लापता होने पर गौरी शंकर को अनहोनी की आशंका हुई। उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो डालकर कर कहा, "मेरी पत्नी के हत्यारों को पकड़ो, नहीं तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।" इसके बाद उसने व्हाट्सएप के जरिए पुलिस को लिखित आवेदन भी भेजा।

भाई ने कबूला जुर्म
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ पूर्वी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुजाता के भाई अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया और उसके भाई से पूछताछ शुरू की। पुलिस पूछताछ में अभिषेक ने स्वीकार किया कि सुजाता ने अपनी मर्जी से दूसरी जाति के गौरी शंकर से शादी की थी। परिवार को लगातार यह डर सता रहा था कि वह दोबारा अपने पति के पास चली जाएगी। इसी लोक-लाज और गुस्से में परिवार के लोगों ने मिलकर सुजाता की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे जला दिया। अभिषेक ने इस पूरी वारदात में परिवार और रिश्तेदारों समेत कुल 5 लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की है। वहीं मामले में नामजद कुल 8 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

FSL की टीम ने जुटाए सबूत
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने उस स्थान का दौरा किया जहां शव को जलाया गया था। टीम ने घटनास्थल से राख और अन्य महत्वपूर्ण सैंपल एकत्र किए हैं। पुलिज़ के अनुसार इस हत्यकाण्ड में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल है जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि पीड़ित पति गौरी शंकर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही एक टीम का गठन कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक  कुमार को गिरफ्तार किया गया है। 

(रिपोर्ट - संजीव कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।