A
Hindi News बिहार सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को CM नीतीश का तोहफा, अब परीक्षा फीस सिर्फ 100 रुपये

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को CM नीतीश का तोहफा, अब परीक्षा फीस सिर्फ 100 रुपये

नीतीश कुमार ने साफ किया कि बिहार में सरकारी नौकरी के लिए आयोजित होने वाली परीक्षाओं की फीस सिर्फ 100 रुपये कर दी गई है। इससे तैयारी करने वाले युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।

Nitish Kumar- India TV Hindi Image Source : X/NITISHKUMAR नीतीश कुमार

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नीतीश कुमार ने बिहार के युवाओं को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने सरकारी नौकरी के लिए आयोजित होने वाली परीक्षाओं की फीस घटाकर महज 100 रुपये कर दी है। शुक्रवार को झंडा फहराने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर यह ऐलान किया। बिहार में बड़े पैमाने पर युवा सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं और पिछले कुछ समय में यह बड़ा मुद्दा रहा है। बिहार में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। ऐसे में सीएम नीतीश ने युवाओं को खुश करने के लिए यह ऐलान किया है।

विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में एनडीए सरकार ने कई बड़े ऐलान किए हैं। इनमें कुछ विशिष्ठ कर्मचारियों की सैलरी और भत्ता बढ़ाने से लेकर पेंशन तक में इजाफा शामिल है। अब छात्रों को परीक्षा फीस में छूट दी गई है।

सीएम नीतीश का पोस्ट

नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा "राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। अब हमलोगों ने युवाओं के हित में एक निर्णय और लिया है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी हेतु सभी आयोगों (बिहार लोक सेवा आयोग/ बिहार कर्मचारी चयन आयोग/ बिहार तकनीकी सेवा आयोग/ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग/ केन्द्रीय सिपाही चयन पर्षद आदि) के द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क में बड़ी छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। अब प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रूपए का शुल्क रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रारंभिक (PT) परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। राज्य सरकार के इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ होगा। राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार मिले, ये शुरू से ही हमारी प्राथमिकता रही है। राज्य सरकार की इस पहल से युवा और प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।"

गांधी मैदान पर फहराया तिरंगा

नीतीश कुमार ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया एवं प्रदेशवासियों को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। 

यह भी पढ़ें-

दरभंगा: 655 मतदाताओं के दो-दो EIPC नंबर, बीजेपी बीएलए ने चुनाव अधिकारी को सौंपी लिस्ट

रेप मामले में बरी हुए पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव, निचली अदालत का फैसला हाई कोर्ट ने पलटा