A
Hindi News बिहार बिहार: राजगीर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा, CM नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन; जानें क्या-क्या है खासियत?

बिहार: राजगीर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा, CM नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन; जानें क्या-क्या है खासियत?

बिहार में चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने राजगीर को एक और तोहफा दिया है। राजगीर में सीएम ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का आज उद्घाटन किया है। इस स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

सीएम नीतीश कुमार ने किया स्टेडियम का उद्घाटन।- India TV Hindi Image Source : X/NITISHKUMAR सीएम नीतीश कुमार ने किया स्टेडियम का उद्घाटन।

नालंदा: जिले के राजगीर में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। स्टेडियम के पवेलियन और क्रिकेट मैदान का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। इस स्टेडियम के लोकार्पण के साथ ही राजगीर अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल के मानचित्र पर भी स्थापित हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 87 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही राजगीर सर्किट में आयोजित लाभुक संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं पर चर्चा की।

स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता

राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इसमें आधुनिक ड्रेसिंग रूम, जिम, प्रैक्टिस नेट, मीडिया गैलरी और वीआईपी लाउंज शामिल हैं। स्टेडियम में उन्नत ड्रेनेज सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार पिच मौजूद है। 90 एकड़ में फैले इस स्टेडियम की क्षमता लगभग 40,000 दर्शकों की है। परियोजना की शुरुआत 12 अक्टूबर 2018 को हुई थी, जिसकी प्रारंभिक लागत 740 करोड़ रुपए निर्धारित थी, लेकिन कुछ नई आधुनिक सुविधाओं को जोड़ने के बाद कुल लागत बढ़कर 1121.41 करोड़ रुपए हो गई। यह स्टेडियम अब जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने में सक्षम होगा, जिससे राजगीर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीएम नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी इससे जुड़ी जानकारी साझा की। एक्स पर एक पोस्ट में नीतीश कुमार ने लिखा, "आज राजगीर खेल परिसर में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। अंतर्राष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए इस स्टेडियम का निर्माण कराया गया है, जहां खिलाड़ियों तथा दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं और मीडिया गैलरी के साथ ही हर प्रकार की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। लगभग 18 एकड़ में निर्मित राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।"

बिहार की प्रतिभाओं को मिलेगा मौका

सीएम नीतीश कुमार ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "इस स्टेडियम के बनने से बिहार के क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़े स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा और राज्य में दशकों बाद इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी संभव हो पाएगी। इस स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय मैचों का सफलतापूर्वक आयोजन हो सकेगा। मुझे पूरा भरोसा है कि राजगीर क्रिकेट स्टेडियम बिहार के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिखेगा।"

यह भी पढ़ें-

छिंदवाड़ा में जहरीली सिरप पीने से अब तक 14 बच्चों की मौत, कई बच्चे अस्पताल में भर्ती

सालासर जा रहे श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने कुचला, 3 की दर्दनाक मौत; 2 की हालत गंभीर