पटना: बिहार में सार्वजनिक स्थलों पर बजने वाले अश्लील गानों के खिलाफ सख्त आदेश जारी किया गया है। बिहार के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर दोहरे अर्थ वाले अश्लील गाने बजाने वालों पर अब सीधे FIR दर्ज की जाएगी।
बस, ट्रक और ऑटो पर नजर
डिप्टी सीएम ने बस, ट्रक, ऑटो रिक्शा या सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील और दोहरे अर्थ वाले भोजपुरी, मगही, मैथिली या अन्य भाषाओं के गाने बजाने पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इस आदेश का पालन नहीं करने वालों को जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।
इस विषय पर सम्राट चौधरी ने कहा है कि सार्वजनिक तौर पर बजने वाले अश्लील गानों से समाज व बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इन अश्लील गाने से न केवल महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा को ठेस पहुंचती है, बल्कि समाज में फूहड़ता को भी बढ़ावा मिलता है। बच्चों पर इन गानों का नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी अश्लील गानों पर रोक लगाना अनिवार्य हो गया है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
अक्सर देखा जाता है कि सफर के दौरान यात्री, खासकर महिलाएं और बच्चे इन अश्लील गानों की वजह से असहज महसूस करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर चेकिंग करने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
ये भी पढ़ें-
गर्ल्स हॉस्टल के लिए पुलिस की नई 'सुरक्षा कवच' नियमावली: 10 बड़े आदेश, कमरों में पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह बैन
UPSC Civil Services 2026: 933 पदों के लिए UPSC का नोटिफिकेशन जारी, पहली बार लागू होगा AI फेस ऑथेंटिकेशन