मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां युवकों की लापरवाही उनकी जान पर भारी पड़ गई। हादसा मधेपुरा-उदाकिशुंगनज नेशनल हाइवे 106 पर हुआ। जानकारी के मुताबिक युवक मौज-मस्ती करते हुए मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान अरार पुल के पास कार अनियंत्रित होकर पोल तोड़ते हुए सुरसर नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त चारों युवक तेज आवाज में भोजपुरी गाना बजाकर हाई स्पीड से कार चला रहे थे। फिलहाल हादसे में कार सवार सभी चार युवकों की मौत हो गई है और सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं।
पोल तोड़ते हुए नदी में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात अरार पुल के पास एक कार पोल को तोड़ते हुए पुल से 20 फीट नीचे सुरसर नदी में गिर गई। इस हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक तीन युवकों के शव मौके पर बरामद कर लिए गए थे, जबकि एसडीआरएफ टीम ने चौथे युवक का शव बाद में बरामद किया। मृतकों की पहचान मधेपुरा के भिरखी निवासी घनश्याम कुमार (23), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी अंकित कुमार (25), सहरसा जिले सौरबाजार के फोरसाही निवासी बसंत कुमार (21) और जयपालपट्टी वार्ड-15 निवासी सागर कुमार (22) के रूप में की गई है।
हाई स्पीड में चला रहे थे कार
हैरानी की बात ये है कि ये हादसा युवकों की लापरवाही की वजह से ही हुई है। जानकारी के मुताबिक चारों युवक भोजपुरी गाने पर 120 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से कार चला रहे थे। इस दौरान वह फेसबुक पर लाइव भी थे। चारों युवक देर शाम मधेपुरा स्टेशन चौक से ग्वालपाड़ा के नाेहर में मेला देखने निकले थे। घटना से लगभग एक घंटा पहले कार सवार युवकों ने फेसबुक लाइव के बीच मस्ती, तेज भोजपुरी गाने के साथ हंसी-ठिठोली की। कार पहले सड़क किनारे पोल से ठकराई और दुकान के ऊपर से सीधे सुरसर नदी में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही अरार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद से सभी के शव बरामद किए गए। (इनपुट- मनीष)
यह भी पढ़ें-
गैस के लिए लाइन में खड़े पूर्व सरपंच की मौत, 4-5 घंटे खड़े रहने से चक्कर खाकर गिरा