1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पति ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर की पहली पत्नी की हत्या, शव को नदी किनारे बालू में दफनाया

पति ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर की पहली पत्नी की हत्या, शव को नदी किनारे बालू में दफनाया

बांका में एक शख्स ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर पहली पत्नी की हत्या कर दी। मामूली कहासुनी के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर सावित्री की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसको मार डाला।

पत्नी की हत्या कर बालू में गाड़ दिया।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पत्नी की हत्या कर बालू में गाड़ दिया।

बिहार के बांका जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर पहली पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नदी किनारे बालू में गाड़कर फरार हो गया। यह सनसनीखेज वारदात आनंदपुर थाना क्षेत्र के अमजोरा गांव में बुधवार की रात हुई।

मृतका की पहचान 34 वर्षीय सावित्री देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति शिवचरण दास के साथ अमजोरा गांव में रहती थी। पुलिस के अनुसार, सावित्री देवी के पति ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद से ही पहली पत्नी का जीवन कष्टमय हो गया था। परिजनों का आरोप है कि दूसरी पत्नी पूजा देवी के आने के बाद पति लगातार सावित्री को प्रताड़ित करता था और उनके साथ मारपीट करता था।

मजदूरी कर भरण-पोषण करती थी

आर्थिक तंगी से जूझ रही सावित्री मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। उसके इकलौते पुत्र 14 वर्षीय ब्रह्मदेव दास ने भी मां की हालत देखकर सूरत जाकर कमाने का फैसला किया था। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतका के परिजनों ने बताया कि सौतन पूजा देवी के आने के बाद पति ने कभी भी सावित्री देवी का ख्याल नहीं रखा और उसे प्रताड़ित करता था।

Image Source : Reporter Inputपुलिस ने शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मारपीट कर उसकी हत्या कर दी

बीती रात मामूली कहासुनी के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर सावित्री की बेरहमी से पिटाई की और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, सबूत मिटाने के लिए शव को गांव के पास बहने वाली बढ़ुआ नदी के सत्ती घाट पर बालू में दबा दिया गया। सुबह जब यह बात सामने आई, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आनंदपुर थानाध्यक्ष विपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति की दूसरी पत्नी पूजा देवी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवचरण दास फरार है। पुलिस ने बताया कि मृतका के बेटे और मायके पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

(रिपोर्ट- दीपक कुमार)

ये भी पढ़ें-

शौच करने जा रहे बच्चे को पकड़कर पिलाई बीयर, मना करने पर पीटा; VIDEO आया सामने

CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर, खड़े ट्रक में घुसा तेज रफ्तार ऑटो, 4 सवार गिरे धड़ाम; चालक की मौत