1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नालंदा में पति ने की पत्नी की हत्या, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

नालंदा में पति ने की पत्नी की हत्या, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बिहार के नालंदा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी को पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानें क्या है पूरा मामला।

नालंदा में पति ने की पत्नी की हत्या, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV नालंदा में पति ने की पत्नी की हत्या, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बिहार के नालंदा जिले से घरेलू हिंसा और अपराध की एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी को पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति ने लोहे की भारी रॉड से तबातोड़ वार कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

कहां का है मामला
नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रिंकी देवी के रूप में हुई है,जबकि आरोपी पति पंकज राम बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक,पंकज राम मानसिक रूप से विक्षिप्त है और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित पति ने घर में रखी लोहे की रॉड से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य धान की रोपनी के लिए खेत में गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी-2 संजय जायसवाल, रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी संजय जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हत्या की घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।