1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में 2 ढाबा संचालकों में छिड़ी जंग, दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, बुजुर्ग मैनेजर से थूक चटवाया

बिहार में 2 ढाबा संचालकों में छिड़ी जंग, दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, बुजुर्ग मैनेजर से थूक चटवाया

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 21, 2026 02:33 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 02:33 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में 2 ढाबा संचालकों के बीच की लड़ाई इतनी भयानक हो गई कि एक बुजुर्ग मैनेजर से थूक चटवाया गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

Muzaffarpur- India TV Hindi
बुजुर्ग मैनेजर से मारपीट करता युवक Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में ढाबा संचालकों में वर्चस्व की जंग सामने आई है। ढाबा विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है और बुजुर्ग मैनेजर से मारपीट और थूक चटवाने का VIDEO वायरल हो रहा है। अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और दोनों ओर से एफआईआर दर्ज हो गई है।

क्या है पूरा मामला? 

मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र के भागवतपुर स्थित एनएच-722 पर व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर 2 ढाबा संचालकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के दौरान एक पक्ष द्वारा बुजुर्ग मैनेजर के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए लाठी-पाइप से पिटाई करने और जबरन थूक चटवाने का शर्मनाक मामला सामने आया है।

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, NH 722 पर स्थित यूपी ढाबा और एमपी ढाबा के संचालकों के बीच ग्राहकों को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही है। यह विवाद उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गया जब दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। 

दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल

दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। आरोप है कि घटना के बाद यूपी ढाबा के संचालक मौके से फरार हो गए, जबकि उनके बुजुर्ग मैनेजर राम विनोद ठाकुर को दूसरे पक्ष ने पकड़ लिया।

चौकी पर बैठाकर की पिटाई, थूक चटवाया 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मैनेजर को चौकी पर बैठाकर पाइप और लाठी से पीटा गया और गाली-गलौज की गई। हैवानियत की हद तब पार हो गई जब बुजुर्ग से जबरन थूक चटवाया गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

यूपी ढाबा के संचालक कर्नल प्रसाद यादव ने करजा थाना में दर्ज शिकायत में एमपी ढाबा के संचालक देवेंद्र राय, जितेंद्र कुमार और अखिलेश राय पर ढाबे में घुसकर तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट और नगदी लूटने का आरोप लगाया है।

वहीं, एमपी ढाबा के संचालक देवेंद्र राय ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि यूपी ढाबा के संचालक और उनके सहयोगियों ने उनके ढाबे में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की।

पुलिस ने क्या बताया?

करजा थानाध्यक्ष राम इकबाल प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हालही में मुजफ्फरपुर में थाने के सामने 'दंगल' हुआ था और साइड देने को लेकर बाइक और ऑटो चालक भिड़े थे। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। (रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें- 

पटना में TVS शोरूम के मालिक और कर्मचारियों से मारपीट, बदमाशों ने जमकर किया हंगामा, CCTV में कैद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।