1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में TVS शोरूम के मालिक और कर्मचारियों से मारपीट, बदमाशों ने जमकर किया हंगामा, CCTV में कैद

पटना में TVS शोरूम के मालिक और कर्मचारियों से मारपीट, बदमाशों ने जमकर किया हंगामा, CCTV में कैद

 Published : Jul 15, 2026 12:55 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 12:55 pm IST

पटना में TVS शोरूम में कर्मचारियों से मारपीट,6-8 बदमाशों ने शोरूम में जमकर किया हंगामा। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। वहीं शोरूम मालिक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पटना TVS शोरूम में मारपीट- India TV Hindi
पटना TVS शोरूम में मारपीट Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना में एक वाइक शोरूम में कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। पटना के गौरी चक थाना क्षेत्र स्थित बेलदारी चक के पास बीती रात यानि 14 जुलाई 2026 की रात TVS शोरूम में 6 से 8 अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने शोरूम मालिक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। यह पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, पटना के गौरी चक थाना में आने वाले सैदनपुर निवासी आलोक कुमार घटना के समय शोरूम में मौजूद थे। अचानक बड़ी संख्या में पहुंचे अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। 

बदमाशों शोरूम के मालिक आलोक कुमार और मौजूद कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की, जिससे शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से बाद हमलावर फरार हो गए लेकिन जल्दबाजी में बदमाशों की एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और उन्होंने गुस्से में मोटरसाइकिल को तोड़ डाला। 

पटना के TVS शोरूम में मारपीट

इस घटना की सूचना तत्काल पटना के  गौरी चक थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गौरी चक थाना प्रभारी सुमन कुमार ने पुलिस पदाधिकारी प्रतीक्षा कुमारी को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और अपराधियों की मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने भेज दिया। इस मामले में पुलिस शोरूम में लगे CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग शोरूम के मालिक और कर्मचारियों से बात कर रहे हैं। फिर अचानक किसी बात पर गुस्से में एक युवक मारपीट शुरू कर देता है। बाद में बाहर से कुछ लोग और आते हैं और जमकर मारपीट करते हैं। 

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी

शोरूम मालिक आलोक कुमार ने गौरी चक थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जब्त मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर ली जाएगी। जो भी दोषी पाए जाएंगे उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इनपुट: बिट्टू (पटना)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।