1. Hindi News
  2. बिहार
  3. अनंत सिंह को JDU से निकाले जाने पर आया तेजस्वी यादव का पहला बयान, बोले- 'देख लीजिए क्या स्थिति बनी हुई है...'

अनंत सिंह को JDU से निकाले जाने पर आया तेजस्वी यादव का पहला बयान, बोले- 'देख लीजिए क्या स्थिति बनी हुई है...'

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 26, 2026 10:20 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 11:08 pm IST

जेडीयू ने मोकामा सीट से अपने विधायक अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। बता दें कि बीते कई दिनों से अनंत सिंह बागी तेवर अपनाए हुए थे। अब इस कार्रवाई को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव का बयान भी सामने आया है।

tejashwi yadav on anant singh jdu- India TV Hindi
अनंत सिंह को लेकर तेजस्वी यादव का बयान। Image Source : PTI

बिहार की राजनीति में एक बार फिर से बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला है। जदयू ने मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर निकाल दिया है। बता दें कि बिहार में हाल ही में विधानपरिषद (MLC) के चुनाव में अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया था। अनंत सिंह ने इस चुनाव में जदयू के उम्मीदवार नीरज सिंह को हराने का संकल्प लिया था। वह जदयू की ओर से की गई कई कोशिशों के बाद भी नहीं माने और अनुज सिंह के लिए प्रचार किया। ऐसे में अब जदयू ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया है। अनंत सिंह पर की गई कार्रवाई को लेकर अब राजद के नेता तेजस्वी यादव ने भी बयान जारी किया है।

क्या बोले तेजस्वी यादव?

मोकामा विधायक अनंत सिंह को JD(U) से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा- "जब विश्वास मत चल रहा था तो हमारे 3 विधायक उनमें नीलम देवी (अनंत सिंह की पत्नी) थीं, आनंद मोहन के बेटे थे और प्रह्लाद यादव थे। उस समय भी हमने भविष्यवाणी की थी कि आप लोग जहां समर्थन दे रहे हैं समय बताएगा कि आपके साथ क्या होगा। आज आनंद मोहन परेशान हैं, प्रह्लाद यादव को टिकट भी नहीं मिला, अनंत सिंह को देख लीजिए क्या स्थिति बनी हुई है?"

इन तीनों ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने आगे कहा- "इन तीनों ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी हमने उस समय भी चेताया था। आज वो सच बनकर सामने आ रहा है। हमने कहा था कि चुनाव के बाद ये लोग नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। चुनाव के बाद 100 दिन में नीतीश कुमार को हटा दिया। हमने ये भी कहा था कि चुनाव के बाद JDU खत्म हो जाएगी। आज आपस में ही लड़ाई हो रही है।" बता दें कि अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का भी राज्य मंत्री का दर्जा खत्म कर दिया गया है और उन्हें पटना के मॉल रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है।

मैं अपनी पार्टी बनाऊंगा- अनंत सिंह

6 साल के लिए JDU पार्टी से निकाले जाने पर विधायक अनंत सिंह ने कहा था- "जनता मालिक है। जो कार्रवाई हुई है अच्छी हुई है। मुझे कोई दिक्कत नहीं है। पार्टी नीतीश कुमार की थी वे नहीं हैं तो पार्टी में कौन है? मैं कह रहा हूं कि निकाल दें। अब नीतीश कुमार नहीं हैं तो पार्टी खत्म हो गई। इनको 10 सीट आने में भी आफत होगी। मैं अपनी पार्टी बनाऊंगा। मैं पार्टी के पास टिकट मांगने नहीं गया था पार्टी ने बुलाकर मुझे टिकट दिया। जदयू का भविष्य खत्म है। मेरी नीतीश कुमार से कोई दूरी नहीं है। वे बीमार रहते हैं।"

ये भी पढ़ें- RJD ने नाम लिए बिना अनंत सिंह को बताया 'गद्दार', कहा, "कर्मों की मिल रही सजा"

'कोई फर्क नहीं पड़ता, अपनी पार्टी बनाएंगे, नीतीश खत्म हो चुके हैं ', JDU से निकाले जाने पर बोले अनंत सिंह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।