बिहार के मोतिहारी के सुगौली थानां क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलें, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी होती दिखाई दे रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
परिवारों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई
यह घटना सुगौली प्रखंड की उत्तरी छपरा बहास पंचायत के भवानीपुर गांव की है। बीते रविवार को दो पट्टीदार परिवारों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया और जमकर ईंट-पत्थर फेंके। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिंसक झड़प में कई लोग हुए घायल
एक पक्ष से पल्टू सहनी, मुनीलाल सहनी, भोलालाल सहनी, अकलू सहनी, चंदन सहनी, राजेंद्र सहनी और बिट्टू कुमारी सहित अन्य लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। दूसरे पक्ष के भी तीन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद सभी घायलों को सुगौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस वायरल वीडियो की कर रही है जांच
सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस नजर रख रही है।
मोतिहारी से अरविन्द कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें-
'छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार', सीएम योगी ने अखिलेश और राहुल पर साधा निशाना