जहानाबाद में सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से दहशत फैल गई। अहले सुबह भोजपुरी गायक अभिषेक सिंह की खड़ी गाड़ी पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान अपराधियों ने गाड़ी को निशाना बनाते हुए 4 से 5 राउंड फायरिंग की और ईट पत्थरों से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के काली नगर मोहल्ले की है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित गायक अभिषेक सिंह ने स्थानीय भोजपुरी गायक शिव कुमार विक्कू पर हमले का आरोप लगाया है।
सुबह 4.30 बजे फायरिंग
घटना आज सुबह करीब 4:30 बजे की है, जब पूरा मोहल्ला सो रहा था। तभी काली नगर स्थित गायक अभिषेक सिंह के घर के बाहर गाली-गलौज और गाड़ियों के शीशे टूटने की तेज आवाजें आने लगीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने दरवाजे पर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो को निशाना बनाते हुए 4 से 5 राउंड गोलियां दाग दीं और जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। हमले में गाड़ी के सारे शीशे चकनाचूर हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि सुबह के वक्त गाड़ी में कोई सवार नहीं था, जिससे जान का नुकसान नहीं हुआ।
अभिषेक सिंह ने क्या बताया?
पीड़ित कलाकार अभिषेक सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े चार बजे जब हम लोग सोए हुए थे, अचानक गाड़ी टूटने-फूटने की आवाज आई तो नींद खुली। बाहर गाली-गलौज हो रही थी और लगातार 4-5 राउंड फायरिंग की गई। हम लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। पुलिस आई और नीचे गिरे खोखे बरामद कर ले गई है। मेरी गाड़ी को पूरी तरह तोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी गायक शिव कुमार विक्कू के साथ उनका विवाद चल रहा है। आशंका जताई कि इस हमले के पीछे उनका हाथ हो सकता है। अभिषेक सिंह ने कहा कि पहले भी खुले मंच से धमकी दी गई थी कि घर पर चढ़कर पांच राउंड गोली मारेंगे। वह सीनियर कलाकार हैं और हमारी तरक्की उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रही है। बता दें कि दोनों कलाकार जहानाबाद के ही रहने वाले हैं। अभिषेक सिंह की माने तो सीनियरिटी और पॉपुलैरिटी की होड़ में दोनों पक्षों के बीच यूट्यूब और स्टेज से एक-दूसरे पर निजी टिप्पणियां की जा रही थीं, जो अब खुलेआम फायरिंग तक पहुंच गई हैं।
शिव कुमार विक्कू का बयान
वहीं, भोजपुरी गायक शिव कुमार विक्कू का भी बयान सामने आया है। शिव कुमार विक्कू कहना है कि बिना कोई तथ्य या सबूत के आरोप लगाने से पहले मामले की जांच पड़ताल कर लेनी चाहिए, कलाकार भले ही एक दूसरे पर टीका टिप्पणी करते हो लेकिन कलाकार माइक लेकर एक दूसरे के घर पर आता जाता है न कि हथियार और बंदूक लेकर। इधर सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे जब्त किए हैं और मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।
रिपोर्ट-मुकेश जहानाबाद