पटना: बिहार में एक मंत्री ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चावल की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कबूतर भी ऐसा चावल नहीं खाता, आम आदमी क्या खाएगा? सवाल उठाने वाले मंत्री का नाम लखेंद्र पासवान है और इससे जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
बिहार में गरीबों को जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले चावल की गुणवत्ता पर खुद सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने सवाल उठाए हैं। मंत्री लखेंद्र पासवान ने चावल की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चावल इतना खराब है कि कबूतर भी नहीं खाता, फिर आम आदमी उसे कैसे खाएगा?
खास बात यह रही कि जब मंत्री ने चावल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, उस वक्त खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश और विभाग के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद थे।
मंत्री द्वारा अपनी ही सरकार पर सवाल खड़ा करने का मामला सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है और उनका वीडियो वायरल हो रहा है। अब देखना ये होगा कि इस मुद्दे पर पार्टी का क्या स्टैंड रहेगा।
सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं मंत्री लखेंद्र पासवान
मंत्री लखेंद्र पासवान सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया था, "अपने पातेपुर विधानसभा क्षेत्र के मरुई पंचायत अंतर्गत मुशापुर वंचर ग्राम में मृतक शिवम कुमार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की। अपने विभाग के माध्यम से पीड़ित परिवार को ₹4,12,650 की प्रथम किस्त प्रदान किया तथा इतनी ही राशि की दूसरी किस्त भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, मृतक के परिजनों को ₹7,000 प्रतिमाह मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाएगी। बिहार की NDA सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना और न्याय दिलाना हमारी प्रतिबद्धता है।"
इससे पहले उन्होंने पोस्ट किया था, "नवरात्रि के पावन पर्व के पश्चात् परंपरा और शुभता के प्रतीक नीलकंठ पक्षी को उड़ाकर समस्त क्षेत्रवासियों, बिहारवासियों एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। प्रकृति, परंपरा और आस्था से जुड़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत हमें सदैव सकारात्मकता एवं जनकल्याण की प्रेरणा देती है।"
इससे पहले बिहार में खरगे द्वारा पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी की मामला चर्चा में रहा था। जिस कार्यक्रम में PM मोदी के पिता पर टिप्पणी हुई, खरगे के भाषण के दौरान उसमें ज्यादातर कुर्सियां खाली दिखी थीं।
ये भी पढ़ें-
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर एक और एक्शन, खाली करना होगा सरकारी आवास; राज्य मंत्री का दर्जा भी गया