1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 6 नाबालिगों को रौंदा, 2 की मौत, मौके से फरार हुआ ड्राइवर

पटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 6 नाबालिगों को रौंदा, 2 की मौत, मौके से फरार हुआ ड्राइवर

पटना में रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज स्पीड में आ रही एक ब्लैक कलर की स्कार्पियो कार ने सड़क किनारे चल रहे करीब आधा दर्जन लोगों को कुचल डाला। गाड़ी ने टक्कर मारते ही कई पलटियां मारी। हादसे में कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पटना में स्कॉर्पियो ने 6 नाबालिगों को मारी टक्कर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना में स्कॉर्पियो ने 6 नाबालिगों को मारी टक्कर

बिहार के पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में अटल पथ पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 6 नाबालिगों को रौंद डाला। इस दर्दनाक घटना में 2 की मौत हो गई। ये घटना महेश नगर के पास कल देर रात की है, जहां नवरात्रि के दुर्गा पंडाल घूमकर लौट रहे लोगों को काली स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में सभी 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान रामकृष्ण नगर इलाके के सदानी चक निवासी 16 साल के अमरजीत कुमार और 17 साल के अंकेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे दुर्गा पूजा घूमने के लिए निकले थे और देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान अटल पथ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया

7-8 लोगों को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने कुचला

इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक घायलों में से 2 की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही थी, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इन्हें काफी गंभीर चोटें आईं और बचाया नहीं जा सकता। वहीं अन्य घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। 

नवरात्रि मेला देखकर लौट रहे लोगों को मारी टक्कर

इस घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी नीलाधर झा ने बताया कि, 'मेरी दुकान इसी जगह है, हम दुकान बंद कर कर खाना खाने के लिए जा रहे थे तभी बहुत तेज आवाज सुनाई दी, गाड़ी पलटी मार रही थी। हमने देखा तो 7 से 8 लोग को का ने टक्कर मारी थी। ये लोग मेला देखकर वापस आ रहे थे। 

एक्सीडेंट के बाद मौके से फरार हुआ चालक

चश्मदीद ने बताया कि ब्लैक कलर का स्कॉर्पियो थी, जिसमें से एक आदमी निकल रहा था। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने सभी लोगों को बचाने की कोशिश की और ई रिक्शा बुलाकर घायलों को अस्पताल ले गए। जिस गाड़ी ने लोगों को टक्कर मारी वो काले रंग की स्कॉर्पियो थी और बहुत तेज रफ्तार में चल रही थी। गाड़ी के ऊपर JDU का छोटा सा झंडा गाड़ी में लगा हुआ था। अब पुलिस गाड़ी अनियंत्रित होने के कारणों और मामले की छानबीन कर रही है।