1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार MLC चुनाव के लिए JDU ने घोषित की उम्मीदवार की लिस्ट, अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीरज कुमार को मिला टिकट

बिहार MLC चुनाव के लिए JDU ने घोषित की उम्मीदवार की लिस्ट, अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीरज कुमार को मिला टिकट

जेडीयू ने चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इनमें एमएलसी नीरज कुमार का भी नाम शामिल है।

जेडीयू नेता नीरज कुमार- India TV Hindi
Image Source : ANI/FILE जेडीयू नेता नीरज कुमार

पटनाः बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों पर हो रहे चुनाव को लेकर जेडीयू ने अपने चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। जेडीयू ने चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इनमें एमएलसी नीरज कुमार का भी नाम शामिल है। आठ शिक्षक-स्नातक सीटों में से चार सीटों पर जेडीयू चुनाव लड़ेगी।

पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, सारण और दरभंगा शिक्षक सीट पर जेडीयू चुनाव लड़ेगी। जेडीयू के सीनियर नेता नीरज कुमार को एक बार फिर से मौका मिला है। वे इसी सीट से मौजूद समय में एमएलसी हैं। 

जेडीयू उम्मीदवारों की लिस्ट

  1. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र- नीरज कुमार
  2. तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र- अभिषेक झा
  3. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र- आनंद पुष्कर
  4. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र- धनश्याम राय

मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे। उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ अपना उम्मीदवार भी खड़ा कर रखा है। उन्होंने खुलकर कहा है कि वे नीरज कुमार को हराने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। वह अपने उम्मीदवार को जीताने की कोशिश करेंगे। 

नीरज कुमार से नाराज हैं अनंत सिंह

इससे पहले अभी हाल में ही अनंत सिंह ने जेडीयू की ओरिएंटेशन मीटिंग में शामिल नहीं हुए थे। उन्होंने कहा था कि मैं पार्टी से नाराज नहीं हूं। थोड़ी निराशा हो सकती है, लेकिन यह गुस्सा नहीं है। निर्दलीय अनुज सिंह हमारे उम्मीदवार हैं। हम नीरज कुमार का विरोध करेंगे। यानी अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। दरअसल, अनंत सिंह का कहना है कि नीरज कुमार ने हमेशा उनका विरोध किया है। सभी चुनाव में नीरज ने विरोध किया तो उनका समर्थन कैसे किया जा सकता है।

 जन सुराज पार्टी भी लड़ रही है चुनाव

जन सुराज पार्टी (JSP) के संस्थापक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने रविवार को बिहार विधान परिषद के चुनावों के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। जन सुराज पार्टी ने क्रमशः पटना, दरभंगा और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से दिव्या ज्योति, एस. पी. राय और अफ़ाक अहमद को मैदान में उतारने का फैसला किया है। रवींद्र यादव और रजनीश रंजन क्रमशः दरभंगा और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे। बाकी निर्वाचन क्षेत्रों—तिरहुत शिक्षक, तिरहुत स्नातक और पटना स्नातक के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

ये भी पढ़ेंः आरजेडी ने MLC चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, कौन कहां से लड़ेगा चुनाव; देखें लिस्ट