1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 2 हजार रुपये के लिए भाई की हत्या, साथ बैठकर पी ताड़ी, फिर उतार दिया मौत के घाट

2 हजार रुपये के लिए भाई की हत्या, साथ बैठकर पी ताड़ी, फिर उतार दिया मौत के घाट

मुजफ्फरपुर में एक शख्स ने 2000 रुपये के लिए अपने भाई की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक दोनों सुबह साथ में निकले थे, लेकिन शाम को एक का शव खेत में मिला था।

हत्या के बाद खेत में फेंका शव।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हत्या के बाद खेत में फेंका शव।

मुजफ्फरपुर: जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सकरा थाना क्षेत्र के रक्शा रहीमपुर गांव में महज 2000 रुपये के मामूली विवाद में एक चचेरे भाई ने अपने ही भाई की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छुपाने के लिए उसे खेत में फेंक दिया और फरार हो गया। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

सुबह साथ निकले थे दोनों भाई

मृतक की पहचान संजय पासवान के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुबह संजय पासवान और उसका चचेरा भाई सीताराम पासवान उर्फ राजा बाबू दोनों एक साथ घर से निकले थे। शाम को जब एक चरवाहे ने खेत में शव पड़ा देखा, तो उसने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण भागते हुए मंडई गैस प्लांट के पास पहुंचे। परिजन आनन-फानन में संजय को उठाकर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पैसे छीनने को लेकर हुआ विवाद

मुखिया अमर पासवान और परिजनों के अनुसार, संजय पासवान के पास मजदूरी के करीब 2000 रुपये थे। दोनों भाइयों ने दिन में साथ मिलकर ताड़ी पी थी। इसके बाद आरोपी सीताराम पासवान की नीयत खराब हो गई और वह संजय से 2000 रुपये मांगने लगा। जब संजय ने अपनी कमाई के पैसे देने से इनकार किया और विरोध किया, तो सीताराम ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी चचेरा भाई गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाने की पुलिस और डीएसपी मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया चचेरे भाई ने ही 2000 रुपये के विवाद को लेकर इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सीताराम पासवान उर्फ राजा बाबू को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली के सीलमपुर में महिला की हत्या, तीसरी मंजिल पर खून से लथपथ मिली थी; पति हुआ फरार