उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद से मृतका का पति फरार है, जिसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7:32 बजे सीलमपुर थाना इलाके में गौतमपुरी की गली नंबर-9 स्थित एक मकान में महिला की हत्या की सूचना मिली। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
तीसरी मंजिल पर जख्मी हालत में पड़ी मिली महिला
बता दें कि तीसरी मंजिल पर करीब 45-46 साल की महिला गंभीर हालत में खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली थी। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। इसके बाद, पुलिस ने तुरंत उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम भी मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने शुरू की हत्या के मामले की जांच
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है।
पुलिस को फरार पति पर है शक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के बाद से महिला का पति घर से फरार है। पुलिस को उसी पर शक है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। महिला की हत्या के एंगल से जांच करते हुए दिल्ली पुलिस, पड़ोसियों से भी जानकारी ले रही है। पता कर रही है कि मृतका और उसके फरार पति के संबंध कैसे थे। इनके घर कौन आता-जाता था। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस
महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। जब पुलिस पहुंची तो मौके पर भारी भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में दोषी चाहे जो भी होगा उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। ऐसा ही एक मामला दिल्ली के बुराड़ी से भी सामने आया, जिसमें कमरे के अंदर युवक-युवती के खून से लथपथ शव मिले। मरने से पहले लड़के ने अपने परिजनों को मैसेज कर बड़ा कदम उठाने की बात कही थी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में पत्नी की हत्या करने वाले पुलिसकर्मी ने खुद को गोलियों से उड़ाया, मर्डर के बाद चल रहा था फरार