बिहार के मुंगेर में एक महिला ने अपनी ही नाबालिग दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि मृतक रचना ने रिश्ते कि बुआ काजल के साथ समलैंगिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया था। इस वजह से गुस्से में आ कर बुआ ने गला घोंट रचना को मौत के घाट उतारा दिया। इतना ही नहीं हत्या करने के बाद लोगों को हत्या की बात बताई और फरार हो गई। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला मुफसिल थाना क्षेत्र के कुतलूपूर पंचायत के वार्ड संख्या-10 का है। जहां बीती शाम नवल सिंह की 16 वर्षीय बेटी रचना का शव उसकी सहेली काजल के घर से मिला। रचना 10वीं की छात्रा थी। वहीं, काजल की उम्र 26 साल है। परिजन मौके पर पहुंचे तो पाया कि लड़की मृत पड़ी थी और उसके गले पर निशान था। इससे साफ हुआ कि गला दबाकर उसे मारा गया है। हत्या के कारणों का पता किया गया तो परिजन और ग्रामीणों ने जो बात बताया वह काफी चौंकाने वाले था। परिजनों ने बताया कि उसकी हत्या काजल ने ही की है।
लड़के जैसा बनकर रहती थी काजल
मृतक के घर के पास ही काजल का घर था और वह रिश्ते में बुआ लगती थी। लोगों ने बताया कि काजल को लड़के जैसा बन रहना काफी पसंद था और उसका चाल चलन ठीक नहीं था। वह समलैंगिक संबंध बनाने के लिए महिलाओं पर दवाब बनाती थी और इससे पूर्व भी उसका अन्य महिलाओं के साथ संबंध था। परिजनों ने काजल पर यह भी आरोप लगाया है कि वह लंबे समय से कुछ लड़कियों को आर्थिक मदद या लोन का झांसा देकर अपने प्रभाव में लेती थी और उसके साथ वह अनैतिक संबंध बनाना चाहती थी पर रचना ने शायद उसके साथ समलैंगिकता संबंध बनाने से मना कर दिया और उसी के आवेश में आ कर वह रचना की गला घोंट कर हत्या कर दी।
काजल के घर से मिले कागजों की जांच कर रही पुलिस
मृतका के चचेरे भाई विश्वजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुंगेर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजन के द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा काजल के घर से कुछ कागजात बरामद होने की बात कही गई है, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
इस मामले में सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शव काजल के घर मिला, जिसे देखने के साथ पता चला कि इसकी हत्या गला घोंट कर की गई है। इसके साथ ही बताया कि अभी परिजनों ने आवेदन नहीं दिया है पर जो वहां के लोगों ने बताया कि काजल का चाल चलन ठीक नहीं था। हत्या का एक कारण कहीं न कहीं समलैंगिक संबंध बनाने का दबाव भी हो सकता है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
(मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
NEET छात्रा की मौत का मामला: एक्शन में गृह मंत्री सम्राट चौधरी, डीजीपी और CID के ADG को तलब किया
'राहुल गांधी डरपोक, फटफटिया मास्टर, चिकन बनाना उनका काम', तेज प्रताप के तीखे बोल