1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बालू-गिट्टी कारोबारी की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर दागीं गोलियां, वारदात CCTV में कैद

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बालू-गिट्टी कारोबारी की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर दागीं गोलियां, वारदात CCTV में कैद

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े एक बालू-गिट्टी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें चार गोलियां मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

prabhakar singh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक प्रभाकर सिंह की फाइल फोटो।

बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक बालू-गिट्टी कारोबारी को गोलियों से भून डाला। सनसनीखेज वारदात अहियापुर थाना क्षेत्र के एनएच-57 पर इंदिरा नर्सिंग होम के समीप सोमवार दोपहर हुई। मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के बेरूआ निवासी प्रभाकर सिंह के रूप में हुई है, जो बालू-गिट्टी और जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उन्हें चार गोलियां मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक सवार अपराधियों ने पीछा कर मारी गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभाकर सिंह अहियापुर चौक की ओर से बड़ा जगन्नाथ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

पूरी वारदात CCTV में कैद

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अपराधी पीछा करते हुए अचानक फायरिंग करते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बखरी की ओर फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में बड़े बकाए के विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है।

आंदोलन करने की चेतावनी

एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगो मे पुलिस के प्रति भारी नाराजगी है। लोगों ने बताया कि अहियापुर लगातार आपराधिक घटनाएं घट रही है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन करेंगे।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

पत्नी गई मायके तो प्रेमिका को बुलाया घर, हत्या कर टुकड़ों में काटा; फिर शव को फ्रिज में रख दिया

बॉयफ्रेंड से शादी नहीं हुई तो साइको किलर बन गई लड़की, गांव में 18 कांड किए, बच्ची का सिर काटकर छज्जे पर रखा