बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक स्थित एक होटल में सोमवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। ये जानकारी सामने आते ही होटल में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा निवासी 25 वर्षीय निगम कुमारी के रूप में हुई है। जो अहमदाबाद में एक रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
होटल के कमरा नंबर-204 में रुकी थी महिला
जानकारी के अनुसार, निगम कुमारी रविवार को ही अहमदाबाद से बेगूसराय पहुंची थी। उसने देर रात बेगूसराय तेघरा थाने में अपने पति मदन कुमार व ससुराल पक्ष के लोग खिलाफ घरेलू हिंसा तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। निगम कुमारी होटल के कमरा नंबर-204 में ठहरी हुई थी। सोमवार सुबह रूम सर्विस कर्मी सफाई के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाने पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई। होटल मैनेजर ने बालकनी से झांककर देखा तो महिला का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
2 दिन पहले होटल छोड़ कर गया प्रभात कुमार
होटल कर्मचारियों के अनुसार, निगम कुमारी के साथ प्रभात कुमार नाम का एक व्यक्ति भी ठहरा था, जो 2 दिन पहले ही होटल छोड़कर चला गया था। पुलिस इस बिंदु पर भी कहां जांच कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक सबूत जुटाए हैं। पुलिस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
मृतक महिला के हैं दो बच्चे
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतका अहमदाबाद की एक रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। उसके दो बच्चे हैं, जो अपने पिता के साथ गांव में रहते हैं। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थी और मुजफ्फरपुर के एक होम्योपैथिक चिकित्सक से उसका इलाज चल रहा था।
पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में लिखाई शिकायत
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले निगम कुमारी ने बेगूसराय के तेघड़ा थाना में अपने पति मदन कुमार और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा तथा मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत देने के बाद वह मुजफ्फरपुर आ गई थी और होटल में ठहरी हुई थी। होटल में जमा आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि प्रभात कुमार नामक एक व्यक्ति ने भी उसके साथ होटल में कमरा लिया था, जो दो दिन पहले होटल छोड़कर चला गया था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
प्रथम दृष्टया में आत्महत्या का मामला- पुलिस
सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि होटल के कमरे से एक महिला का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
संजीव कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
ADM रविंद्र कुमार दिवाकर के ठिकानों पर छापेमारी, बिस्तर से मिला नोटों का ढेर, सोना-चांदी और 50 से ज्यादा घड़ियां भी बरामद