1. Hindi News
  2. बिहार
  3. ADM रविंद्र कुमार दिवाकर के ठिकानों पर छापेमारी, बिस्तर से मिला नोटों का ढेर, सोना-चांदी और 50 से ज्यादा घड़ियां भी बरामद

ADM रविंद्र कुमार दिवाकर के ठिकानों पर छापेमारी, बिस्तर से मिला नोटों का ढेर, सोना-चांदी और 50 से ज्यादा घड़ियां भी बरामद

 Reported By: Nitish Chandra,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 28, 2026 09:35 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 09:44 pm IST

पटना में एडीएम के खिलाफ आय से अधिक संपति का मामला दर्ज किया गया था। एडीएम रविंद्र कुमार दिवाकर की पत्नी सब रजिस्ट्रार दानापुर में कार्यरत हैं। विजिलेंस की टीम अभी छापेमारी में मिले रुपये और जेवरात का मिलान कर रही है।

ADM रविंद्र कुमार दिवाकर के ठिकानों पर छापेमारी- India TV Hindi
ADM रविंद्र कुमार दिवाकर के ठिकानों पर छापेमारी Image Source : REPORTER INPUT

बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना के एडीएम (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को बेगूसराय स्थित उनके पैतृक आवास पर विजिलेंस की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान अब तक 9 लाख रुपये से अधिक नकदी, भारी मात्रा में सोने के जेवरात और 50 से ज्यादा बेस (ब्रांड) की घड़ियां बरामद होने की जानकारी सामने आई है। निगरानी विभाग की टीम बरामद नकदी और जेवरात का मिलान कर रही है।

पत्नी दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत

मिली जानकारी के मुताबिक, रविंद्र कुमार दिवाकर पटना में एडीएम (आपूर्ति) के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी थाने में केस दर्ज होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

दिवाकर के पैतृक आवास पर पहुंची टीम

निगरानी विभाग की 6 सदस्यीय टीम सोमवार दोपहर करीब 1 बजे बेगूसराय जिला मुख्यालय के पोखरिया मोहल्ले के वार्ड नंबर-37 स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पर पहुंची। पटना निगरानी के डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में टीम ने कोर्ट से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद छापेमारी शुरू की।

आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

अधिकारियों के मुताबिक, विजिलेंस थाना कांड संख्या 113/26 के तहत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। इसी मामले में कोर्ट के आदेश पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बेगूसराय के अलावा पटना स्थित उनके कार्यालय और आवास पर भी निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है।

नकदी, सोने के जेवर और घड़ियां बरामद

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को 9 लाख रुपये से अधिक नकदी मिली है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने के जेवरात और 50 से ज्यादा ब्रांडेड घड़ियां भी बरामद की गई हैं। टीम फिलहाल बरामद सामान और नकदी का आकलन कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।

कोर्ट के आदेश पर छापेमारी

विजिलेंस विभाग के डीएसपी वासुदेव राय ने बताया कि रविंद्र कुमार दिवाकर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है। कोर्ट के आदेश पर उनके ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। बेगूसराय में एक ठिकाने पर कार्रवाई चल रही है, जबकि पटना में भी तलाशी अभियान जारी है। फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

ये भी पढ़ें: 

24 दिन बाद जेल से बाहर आएगी नेहा झा, कोर्ट ने मंजूर की बेल अर्जी, ट्रेन के AC फर्स्ट कोच से मिली थी 75 लीटर शराब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।