1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 24 दिन बाद जेल से बाहर आएगी नेहा झा, कोर्ट ने मंजूर की बेल अर्जी, ट्रेन के AC फर्स्ट कोच से मिली थी 75 लीटर शराब

24 दिन बाद जेल से बाहर आएगी नेहा झा, कोर्ट ने मंजूर की बेल अर्जी, ट्रेन के AC फर्स्ट कोच से मिली थी 75 लीटर शराब

 Reported By: Sunil Kumar,  Written By: India TV Bihar Bureau Desk
 Published : Sep 28, 2026 07:37 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 07:37 pm IST

ट्रेन के एसी फर्स्ट कोच से 75 लीटर विदेशी शराब बरामदगी के बाद नेहा झा और उनके बहनोई ईशान कुमार को गिरफ्तारी हुई थी। अदालत ने सोमवार को नेहा झा की बेल मंजूर कर ली, जबकि ईशान की ओर से अब तक जमानत अर्जी दाखिल नहीं हुई है।

Neha Jha bail in  liquor case- India TV Hindi
शराब बरामदगी मामले में नेहा झा जमानत Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के समस्तीपुर जंक्शन पर ट्रेन के एसी फर्स्ट कोच से विदेशी शराब बरामद होने के मामले में गिरफ्तार नेहा झा को अदालत से राहत मिली है। 4 सितंबर से न्यायिक हिरासत में चल रही नेहा झा को सोमवार, 28 सितंबर को नियमित जमानत मिल गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह 24 दिन बाद जेल से बाहर आ गई। 

एसी फर्स्ट कोच से मिली थी शराब

समस्तीपुर जंक्शन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट कोच के H-1 कूपे से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई थी। इस मामले में नेहा झा और उनके बहनोई ईशान कुमार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद 4 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

पहली सुनवाई में नहीं मिली थी जमानत

नेहा झा की ओर से नियमित जमानत के लिए अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। मामले में 14 सितंबर को पहली सुनवाई हुई, लेकिन उस दिन उन्हें जमानत नहीं मिल सकी। इसके बाद 24 सितंबर को अगली सुनवाई निर्धारित की गई थी।

28 सितंबर को स्वीकार हुई बेल अर्जी

24 सितंबर को एक महिला अधिवक्ता के निधन के कारण अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से अलग रहने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद मामले की सुनवाई के लिए 28 सितंबर की तारीख तय की गई। सोमवार को हुई सुनवाई में न्यायालय ने नेहा झा की नियमित जमानत याचिका स्वीकार कर ली। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी जेल से रिहाई हुई।

ईशान कुमार अभी न्यायिक हिरासत में

वहीं, इसी मामले में गिरफ्तार ईशान कुमार की ओर से अभी तक अदालत में जमानत के लिए कोई आवेदन दाखिल नहीं किया गया है। ऐसे में ईशान फिलहाल न्यायिक हिरासत में ही रहेगा।

मुजफ्फपुर में नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़

एक अन्य मामले में कुछ दिन पहले ही मुजफ्फपुर में नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जिले में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान टीम ने 1 महिला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कई स्थानों पर हुई कार्रवाई में 800 लीटर स्पिरिट, 35 कार्टन अंग्रेजी शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पहली कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार और सब-इंस्पेक्टर अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर शत्रुघ्न महतो को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके घर के समीप बने भूसा घर से 4 ड्रमों में छिपाकर रखी गई 800 लीटर स्पिरिट और पानी के जार बरामद किए गए। 

ये भी पढ़ेंः भागलपुर में वायरल हुआ युवक-युवतियों को घेरने का वीडियो, SSP ने दी मामले की पूरी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।