Pappu Yadav Court Order: 31 साल पुराने एक मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अदालत ने पप्पू समेत 3 लोगों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का भी आदेश दिया है। पटना की एक विशेष अदालत की तरफ से यह आदेश जारी किया गया। इसी सिलसिले में पुलिस पप्पू यादव के मंदिरी स्थित आवास पहुंची। पप्पू यादव समेत तीनों पर धोखाधड़ी करके मकान किराए पर लेने का आरोप है। लंबे समय से कोर्ट में पेश नहीं होने की वजह से यह मामला बढ़ता चला गया।
पप्पू यादव पर धोखे से घर किराए पर लेने का आरोप
बता दें कि पप्पू यादव का यह मामला 1995 का है। पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का नाम विनोद बिहारी लाल है, जिन्होंने आरोप लगाया था कि उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया गया। मकान मालिक को बाद में जानकारी हुई थी कि उसके मकान का इस्तेमाल सांसद का ऑफिस चलाने के लिए किया जा रहा है। इससे पहले मकान को किराए पर लेते वक्त इस बात को छिपाया गया था।
पप्पू यादव ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
इस बीच, पुलिस की कार्रवाई पर पप्पू यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'एक पुराने मामले में कोर्ट से कल मुझे नोटिस भेजकर बुलाया गया है। कोर्ट का सम्मान करते हुए मैं अभी थोड़ी देर पहले ही पटना आया हूं, मेरे यहां आते ही पुलिस आई तो मुझे लगा मुझसे मिलने आई है। लेकिन आते ही पुलिस ने मुझसे कहा कि आप पर वारंट है। चलिए मेरे साथ। वह खुद को पुलिस बता रहा था लेकिन वह सिविल ड्रेस में था। मुझे आशंका है कि मेरी हत्या की साजिश रची गई है।' ठीक आधी रात को पप्पू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और मेडिकल के लिए ले गई।
पप्पू यादव कौन हैं?
जान लें कि पप्पू यादव का असली नाम राजेश रंजन है। वह बिहार के प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं। कई बार वह अपने विवादित राजनीतिक बयानों को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। पप्पू यादव इस समय बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद हैं। बिहार की राजनीति में पप्पू यादव की पहचान एक 'बाहुबली' नेता के तौर पर रही है, हालांकि वे खुद अपनी छवि गरीबों के बीच काम करने वाले 'रॉबिनहुड' की तरह पेश करते हैं।
यह भी पढ़ें-
मंडप से फरार हुआ दूल्हा, पीछे-पीछे दौड़ी पुलिस; VIDEO भी आया सामने, जानें मामला
तीसरी शादी करने बैठे थे दूल्हे राजा, तभी पहुंच गई पहली पत्नी, कॉलर पकड़ा और फिर दे दनादन शुरू; देखें VIDEO