1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में खौफनाक वारदात, प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती के गले पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

पटना में खौफनाक वारदात, प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती के गले पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती के गले पर चाकू से हमला, आरोपी फरार, कुरथौल में सरेराह वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की छापेमारी; सीसीटीवी खंगाल रही टीम, एफएसएल ने जुटाये साक्ष्य,

patna Girl attacked with knife - India TV Hindi
Image Source : REPORTER पटना में युवती के गले पर चाकू से हमला।

बिहार की राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के न्यू एतवारपुर-कुरथौल इलाके में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने युवती के गले पर तेज हथियार से हमला कर दिया। हमले में करीब 30 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ युवती को डायल 112 की पुलिस टीम ने तत्काल 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार घटना लालू पथ के सामने स्थित एक मुर्गा दुकान के पास हुई। बताया गया कि युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने दुकान में रखा मुर्गा काटने वाला चाकू उठा लिया और युवती के गले पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गयी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। परसा बाजार थाने की पुलिस आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पहले से थी दोनों के बीच जान-पहचान

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल युवती मूल रूप से जहानाबाद की रहने वाली है और फिलहाल पटना के गांधी मैदान इलाके में किराये के मकान में रह रही है। पुलिस के अनुसार युवक और युवती के बीच पहले से जान-पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आयी है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हमला किस परिस्थिति में किया गया, इसकी पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के बाद आरोपी किस दिशा में भागा और उसने भागने के लिए किस रास्ते का इस्तेमाल किया। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान और उसके भागने से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। बता दें कि इससे पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में भी होटल के कमरे में महिला का शव फंदे से लटका मिला था। मृतक महिला रियल एस्टेट कंपनी में थी मैनेजर थी और बीती रात ही पति के खिलाफ थाने पहुंची थी।

एफएसएल टीम ने जुटाये वैज्ञानिक साक्ष्य

पटना में हुई इस खौफनाक वारदात के बाद घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाये हैं। पुलिस इन साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए भी पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने क्या बताया?

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार, सदर-02, पटना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है। (रिपोर्ट: बिट्टू कुमार)

ये भी पढ़ें- VIDEO: बिहार में दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच युवक का अपहरण, बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में घटना को दिया अंजाम

24 दिन बाद जेल से बाहर आएगी नेहा झा, कोर्ट ने मंजूर की बेल अर्जी, ट्रेन के AC फर्स्ट कोच से मिली थी 75 लीटर शराब