बिहार के सुपौल जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राघोपुर थाना क्षेत्र के देवीपुर पंचायत स्थित जहलीपट्टी वार्ड 8 में गुरुवार को पुलिस और कॉपीराइट विभाग पटना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कथित नकली गुलाब जल तैयार करने और पैकिंग करने से जुड़ी बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जहलीपट्टी वार्ड 8 निवासी शुभलाल साह के 42 वर्षीय पुत्र ब्रह्मदेव साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कॉपीराइट विभाग पटना को अजय पंडित की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच के बाद राघोपुर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की गई।
डाबर और पतंजलि के नाम पर पैक गुलाब जल बरामद
छापेमारी के दौरान टीम को घर से बड़ी मात्रा में गुलाब जल और पैकिंग से जुड़ी सामग्री मिली। बरामद सामान में 100 एमएल की डाबर गुलाब जल की 1,775 बोतल और 100 एमएल की पतंजलि गुलाब जल की 1,825 बोतल शामिल हैं। इसके अलावा टीम ने 1,184 खाली बोतल, पतंजलि के नाम वाले 748 शीट रैपर और डाबर के नाम वाले 7,425 शीट रैपर भी बरामद किए हैं। मौके से एक बाल्टी में रखा लूज गुलाब जल और गुलाब जल तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला बताया गया एक बोतल केमिकल भी जब्त किया गया।
Image Source : reporter inputनकली गुलाब जल
कॉपीराइट विभाग के पदाधिकारी के अनुसार, बरामद सामग्री का इस्तेमाल कथित तौर पर नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर गुलाब जल तैयार करने और उसकी पैकिंग में किया जा रहा था। हालांकि, बरामद तरल पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल सामग्री की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Image Source : reporter inputनकली गुलाब जल
शिकायत के बाद हुई छापेमारी
बताया गया कि अजय पंडित की शिकायत के बाद कॉपीराइट विभाग ने मामले की जांच शुरू की थी। इसके बाद राघोपुर थाना पुलिस के सहयोग से जहलीपट्टी स्थित घर में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बरामद गुलाब जल और पैकिंग सामग्री को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, मौके से ब्रह्मदेव साह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की पैकिंग और कथित निर्माण का काम कब से चल रहा था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और तैयार माल की आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जाती थी।
Image Source : reporter inputनकली गुलाब जल
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि कॉपीराइट विभाग की टीम द्वारा गुलाब जल और उससे संबंधित सामग्री थाना को सुपुर्द की गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सामग्री की वास्तविक प्रकृति क्या है और कथित रूप से ब्रांडेड कंपनियों के नाम का इस्तेमाल किस स्तर पर किया जा रहा था।
(रिपोर्ट- संत सरोज)
यह भी पढ़ें-
लोनी में चल रहा था सेहत से खिलवाड़, नकली काली मिर्च बनाने का कारखाने से लाखों का माल जब्त
दिल्ली में नकली एंटी-रेबीज वैक्सीन का खेल, नामी कंपनी का असली बैच नंबर इस्तेमाल... लग गई तो मौत तय!